कुल पृष्ठ दर्शन : 297

You are currently viewing वीर जवान आन

वीर जवान आन

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

भारत माँ के वीर सपूत, सीमांत राष्ट्र शौर्य पहचान,
पल-पल निशिवासर प्रबुद्ध रण, अमर बलिदानी वीर जवान।

रोम-रोम पुलकित भारत जन, ख़ुद न्योछावर सम्मान प्राण,
तुम परमवीर रक्षक भारत, अर्पण तन-मन जनगण जवान।

शाश्वत जीवन भाव अकिंचन, नित्य समर्पण जीवन जान,
लोभ मोह मद क्रोध विरत रण, रक्षक भारत आन सम्मान।

राष्ट्र तिरंगा धरे हाथ नित, शौर्य शान्ति हरितिम विहान,
जांबाज़ वतन जय भारत धुन, मुस्कान वीर भारत जवान।

दुर्दांत क्लान्त अरिमर्दन रण, घनघोर तिमिर निर्भीत शान,
विकराल काल दुश्मन विशाल, महाकाल देश बनता जवान।

लिखते गाथा भारत कपाल, रण विजय गान नित राष्ट्र मान,
अमरत्व अजय नव भोर उदय, हिय क्षमा सदय भारत जवान।

शत नमन वतन जय वीर रतन, पुष्पार्पण सविनत स्वाभि-मान,
जय जय भारत विज्ञान गहन, दिव्यास्त्र विविध युद्धक विमान।

धर्म चक्र सुदर्शन पापशमन, अग्नि तेजस आकाश उड़ान,
ब्रह्मोस त्रिशूल शत्रु कम्पित, पृथ्वी ध्रुव चालक है जवान॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥