कुल पृष्ठ दर्शन : 4

अ.भा. पुरस्कारों के लिए प्रविष्टि मांगी, १४ सित. को होंगे पुरस्कृत

बीकानेर (राजस्थान)।

साहित्य के मौलिक लेखन को सम्मान प्रदान करने के दृष्टिगत राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति (श्रीडूंगरगढ़) द्वारा इस वर्ष भी राष्ट्रीय पुरस्कारों एवं सम्मानों के लिए प्रविष्टि व प्रस्ताव आमंत्रित किए गए हैं। प्रकाशित पुस्तक की १ प्रति मय संक्षिप्त लेखकीय परिचय ३० जून तक निर्देशित पते (मंत्री, राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समित, संस्कृति भवन, एन-एच-११ जयपुर रोड, श्रीडूंगरगढ़ (बीकानेर)-३३१८० ३) पर पहुंच जानी चाहिए।
संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि ने बताया कि भाषा, साहित्य एवं संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय अवदान के लिए अर्पित प्रतिष्ठित ‘श्री मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान, डॉ. नंदलाल महर्षि स्मृति हिन्दी साहित्य सृजन पुरस्कार, श्री चन्द्रमोहन हाड़ा हिमकर स्मृति उपन्यास लेखन पुरस्कार, श्री शिवप्रसाद सिखवाल स्मृति महिला लेखन पुरस्कार, श्री श्याम सुंन्दर नागला स्मृति बाल साहित्य सृजन पुरस्कार, साहित्य के इतर विषयों से जुड़े सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार और श्री रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान के लिए यह कृतियाँ -प्रस्ताव मांगे गए हैं। उपन्यास विधा में एतिहासिक पृष्ठभूमि पर रचित उपन्यासों को प्राथमिकता दी जाएगी। साहित्यश्री सम्मान में २१ हजार ₹ एवं अन्य सभी पुरस्कारों-सम्मानों हेतु चयनित विद्वानों को ११-११ हजार ₹ नगद राशि, सम्मान-पत्र, स्मृति-चिह्न, शॉल आदि १४ सितम्बर को संस्था के वार्षिकोत्सव के अवसर पर आयोज्य समारोह में अर्पित किए जाएंगे।
संस्था के मंत्री साहित्यकार रवि पुरोहित ने बताया कि हिन्दी सृजन पुरस्कारों के लिए आवेदित या प्रस्तावित पुस्तक वर्ष २०२१-२५ के मध्य प्रकाशित एवं उपन्यास विधा, महिला लेखन, बाल साहित्य सृजन एवं इतर साहित्यिक लेखन पुरस्कार के लिए वर्ष २०-९ से २५ की कालावधि में प्रकाशित होनी चाहिए। ‘श्री मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान हेतु २० वर्ष के अवदान को ध्यान में रखा जाएगा। सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार में शिक्षा, विधि, पत्रकारिता, चिकित्सा, प्रेरणा, कृषि आदि साहित्यिक विधाओं के इतर समस्त विषयक पुस्तकें विचारार्थ स्वीकार्य होगी। श्री रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान हेतु आवेदक या प्रस्तावक को प्रस्तावित व्यक्ति के १० वर्ष के सामाजिक अवदान का विवरण, पुष्टिकारक साक्ष्य सहित संलग्न करना होगा।

आयोजन समन्वयक महावीर माली ने बताया कि पुरस्कार-सम्मान निर्णय की घोषणा अगस्त माह में की जाएगी।