कुल पृष्ठ दर्शन :

कवि सम्मेलन में देर रात तक गूंजे कविता के स्वर

मुरादाबाद (उप्र)।

युग परिवर्तन ट्रस्ट एवं ए.के. रिसॉर्ट के संयुक्त तत्वावधान में होली मिलन समारोह के उपलक्ष्य में ‘होली के रंग कवियों के संग’ नाम से अभा विराट कवि सम्मेलन आयोजित किया गया। देर रात तक चले इस आयोजन में विभिन्न राज्यों से आए कवियों ने अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रोताओं को हास्य, श्रृंगार, ओज और व्यंग्य रस में सराबोर कर दिया।
मुख्य अतिथि आचार्य प्रमोद कृष्णम् (कल्कि पीठाधीश्वर) के आतिथ्य में इस कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलन और सस्वती वंदना के साथ किया गया। कवयित्री वैशाली रस्तोगी ने प्रेम पर आधारित रचनाओं से सबका मन मोह लिया। ख्यातिलब्ध कवि राहुल शर्मा ने जीवन की सच्चाई प्रस्तुत करते हुए कहा “अगर लिखोगे वसीयत अपनी, तो जान पाओगे ये हकीकत। तुम्हानी अपनी मिल्कियत में तुम्हारा हिस्सा कहीं नहीं है।” हास्य-व्यंग्य के सशक्त कवि हुक्का बिजनौरी ने अपनी चुटीली रचनाओं से श्रोताओं को खूब गुदगुदाया। कार्यक्रम संयोजक त्यागी अशोका कृष्णम् ने दोहों से टिप्पणी करते हुए कहा- “कैसी फितरत आदतें, तेरी ही इंसान। पल भर में शैतान है, पल भर में भगवान।”
कर्नल संजय चतुर्वेदी, आलोक बेजान और कवयित्री नंदिनी श्रीवास्तव आदि ने भी भावपूर्ण रचनाओं से श्रोताओं को प्रभावित किया।
सफल संचालन शायर राहुल शर्मा ने किया। ए.के. रिसॉर्ट की स्वामिनी कविता त्यागी ने सभी का आभार व्यक्त किया।