कुल पृष्ठ दर्शन : 4

मृगतृष्णा में जीवन

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

मृगतृष्णा में भटके जीवन, लगी पेंच मस्तिष्क सुमति में,
मिथ्याचारी छल प्रपंच तम, लगी जंग अस्तित्व प्रकृति में
खो विवेक कर्त्तव्य भाव मन पेंच खोलने जड़ता अक्षम,
गुमराही यायावर विचलित कहाँ सफलता सुख उन्नति में।

कठिनाई ख़ुद आवाज़ बन भागमभागी हो जीवन में,
खोते संयम साहस संबल तपते ख़ुद नित दावानल में
सदा तिरोहित विफल सफ़र पथ खोजे कोई पथ प्रदर्शक,
अपनापन रिश्तों को खोये बस आहत चाहत जीवन में।

सहानुभुति की आश वेदना बिन संवेदनशील प्रकृति में,
भूल विगत सुख वैभव कटुता आज बेबस चाह प्रगति में
विनय शील गुण त्याग क्षमा को भूला सब मानवता मूल्यक,
परमारथ सत्कार्य उद्यमी सदा सफल सुख यश जीवन में।

खोल पेंच मकराकृत जीवन सोचो ख़ुद करनी मानस में,
बेचा जो ज़मीर ज़मीन ख़ुद रख स्वाभिमान बेचा लालच में।
राष्ट्र धर्म कर्त्तव्यों विरमित बेबस पेंच जटिल तम घातक,
काम क्रोध मद लोभ पेंच फँस, कठिन निकलना हो जीवन में॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥