कुल पृष्ठ दर्शन : 1

राम जन्म सुखदायिनी

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

रामनवमी विशेष…

आज रामनवमी दिवस, अवध विष्णु अवतार।
कौशलेय दशरथ तनय, राम राज सुखसार॥

फैली खुशियाँ अवध में, पुलकित भारत वर्ष।
मर्यादित राघव चरित, पुरुषोत्तम संसार॥

दशरथ घर आनन्द है, मंगल गूँजे धाम।
जनमे रघुवर राम तब, मुदित अयोध्या ग्राम॥

फैला ब्रह्मानन्द सुख, पुलकित भयो शरीर।
राम जन्म की देख छवि, हर्षित भए अधीर॥

हुई अयोध्या शोभिता, बाजत मंगल गान।
नर-नारी सब नाचते, रामलला उद्भान॥

बजते चहुँ देव दुंदुभि, बरसे सुमन अपार।
रामलला के आगमन, हरषे त्रिभुवन सार॥

माँ कौसल्या हर्षिता, भरि लोचन जलधार।
तनय राम लखि स्नेहिला, प्रवहित ममता हार॥

सकल लोक में छा गया, प्रेम सुधा का रंग।
राम नाम रस प्रीत ही, मिटे भौतिकी जंग॥

मुनि मन गद्गद हो उठे, हरषे साधु समाज।
अवध राम प्रकटित भयो, मिटे कपट छल आज॥

कहत ‘निकुंज’ सुहावना, पावन उत्सव काल।
राम जन्म सुखदायिनी, हर लेता दुख जंजाल॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥