नाशिक (महाराष्ट्र)।
सामाजिक- सांस्कृतिक संस्था विद्योतमा फाउंडेशन (नाशिक) ने अखिल भारतीय हिंदी साहित्य सम्मान समारोह एवं कवि सम्मेलन का आयोजन माहेश्वरी भवन (आर्टीलरी सेंटर रोड, नासिक) में किया। पहले सत्र में साहित्यकारों का सम्मान व दूसरे सत्र में कवि सम्मेलन हुआ।
इस कार्यक्रम की अध्यक्षता समूह संपादक प्रकाश दुबे ने की। मुख्य अतिथि केंद्रीय विवि नाशिक के निदेशक नीलाभ तिवारी, विशिष्ट अतिथि कर्मचारी राज्य बीमा निगम के संयुक्त निदेशक चंद्रशेखर आर पाटिल और कर्नल राजेश सक्सेना रहे। संस्था के अध्यक्ष सुबोध कुमार मिश्रा ने संस्था की चर्चा की। इन्होंने बताया कि पूरे भारतवर्ष से आमंत्रित रचनाओं में से विभिन्न विधाओं की चुनी हुई ३१ कृतियों के रचनाकारों को सम्मानित किया गया। विद्योतमा साहित्य विभूषण सम्मान से राजवीर सिंह सिकरवार, साहित्य साधना सम्मान से ज्ञानचंद मर्मज्ञ, साहित्य सम्राट सम्मान से सरोजिनी तन्हा, साहित्य शिरोमणि सम्मान से प्रमोद भार्गव एवं संत ज्ञानेश्वर सम्मान से अंजू सक्सेना आदि को सम्मानित किया गया।
इसी तरह नेहा तुषार बोरसे को दसवीं कक्षा में हिंदी विषय में ९८ प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विद्योतमा बालिका सम्मान सहित कुल ७८, ६०० रूपए की पुरस्कार राशि इस वर्ष दी गई।
कार्यक्रम का संचालन भरत सिंह, सी.पी. मिश्रा और अनीता दुबे ने किया। बी.सी. मुनगली ने सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।