कुल पृष्ठ दर्शन :

डॉ. विकास दवे उप-सभापति मनोनीत, साहित्य जगत में हर्ष की लहर

इंदौर (मप्र)।

देश की प्रतिष्ठित और इंदौर स्थित प्राचीनतम साहित्यिक संस्था श्री मध्यभारत हिंदी साहित्य समिति में साहित्य अकादमी मप्र के ऊर्जावान निदेशक डॉ. विकास दवे को उप- सभापति मनोनीत किया गया है। बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी डॉ. दवे को यह जिम्मेदारी दिए जाने से शहर के साहित्य जगत में भी हर्ष की लहर है।
शहर की पुरातन श्री मध्यभारत हिन्दी साहित्य समिति की साधारण सभा शनिवार को शिवाजी भवन में हुई। इसमें सर्वसम्मति से लोकसभा की अध्यक्ष रही सुमित्रा महाजन को समिति ट्रस्ट का अध्यक्ष व उप-सभापति के रूप में डॉ. विकास दवे चयनित हुए। सभापति सत्यनारायण सत्तन व प्रधानमंत्री अरविंद जवलेकर की मौजूदगी में शिवाजी भवन में साधारण सभा हुई। यहाँ उपरोक्त मनोनयन पर सहर्ष स्वीकृति दी गई। ट्रस्ट के अध्यक्ष पूर्व न्यायाधीश वीडी ज्ञानी व उपसभापति भरत छपरवाल के निधन से ये स्थान विगत दिनों से रिक्त थे। साधारण सभा में समिति के आय-व्यय पत्रक व प्रस्तावित बजट का भी अनुमोदन किया गया।
ज्ञात हो कि ​गौरवशाली इतिहास को समेटे समिति न केवल इंदौर, बल्कि पूरे देश की उन चुनिंदा संस्थाओं में से एक है, जिसकी नींव महात्मा गांधी जैसे महान व्यक्तित्व के सानिध्य में रखी गई थी। इसलिए ऐसी संस्था में डॉ. दवे का मनोनयन उनके कुशल नेतृत्व का प्रमाण है।
​ सरल व्यक्तित्व के धनी डॉ. दवे को यह दायित्व दिए जाने से शहर के प्रबुद्धजनों, लेखकों और साहित्यिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं ने अनंत मंगलकामनाएं प्रेषित की हैं। हिंदीभाषा.कॉम परिवार ने भी आपको शुभकामना-बधाई दी है। साहित्यकारों का मानना है कि डॉ. दवे के मार्गदर्शन में समिति अपने गौरवशाली इतिहास को और अधिक विस्तार देगी एवं हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार के नए कीर्तिमान रचेगी, क्योंकि उनके कार्यकाल में अकादमी ने नवाचारों के नए आयाम स्थापित किए हैं। एक कुशल प्रशासक, संवेदनशील बाल साहित्यकार, विचारक और प्रखर वक्ता डॉ. दवे की सबको साथ लेकर चलने की कार्य-शैली के कारण ​साहित्यकारों ने नव पद पर प्रसन्नता व्यक्त की है।