डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)
*************************************************
वासुदेव मथुरा जनम, लिये रुक्मिणी प्रीत।
नंदगाँव नंदज प्रकट, राधा रमण प्रणीत॥
हुए प्रकट भुवि खलदलन, दामोदर संसार।
मातु देवकी कोख से, विष्णु पूर्ण अवतार॥
प्रकटित केशव रोहिणी, द्वितीय चरण नक्षत्र।
गोकुल में तृतीय चरण, शेषनाग धर छत्र॥
लीला सोलह मानवी, जगन्नाथ गोविन्द।
रच लीला बहु विविधता, कुसुमित मुख अरविन्द॥
व्रजवासी गोपीरमण, यशोमती सुख नैन।
नंदलाल गौरव तिलक, ग्वाल बाल सुख चैन॥
वात्सल्य नटवर ललित, चारुचंद्र अनुरूप।
पूर्ण बाल चातुर्य से, अद्भुत देव स्वरूप॥
नटखट लीला बालपन, अद्भुत नटवरलाल।
माखन मटका फोड़ते, लिपटे मुख अरु गाल॥
माखनचोरी अति चतुर, कहे स्वयं निर्दोष।
मोर मुकुट रोते विकल, लखि यशुमति संतोष॥
पीताम्बर शोभित लला, लालित लोल ललाम।
गोवर्धन गिरिधर जलज, रक्षित गोप विशाल।।
व्रजवासी गोपीरमण, यशोमती सुख नैन।
नंदलाल गौरव तिलक, ग्वाल बाल सुख चैन॥
मनमोहन मुख माधुरी, मधुरिम मुरली गान।
राधा रास विलास रस, पंचम स्वर मधु तान॥
परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥