कुल पृष्ठ दर्शन :

नमक का हक़

डॉ. शैलेश शुक्ला
बेल्लारी (कर्नाटक)
****************************************

पंद्रह साल से रमेसर उनके घर में था। सेठ हरिप्रसाद उसे बेटे की तरह मानते थे — कम से कम यही कहते थे।
रमेसर सब जानता था — कहाँ तिजोरी है, कहाँ चाबी रखती हैं मालकिन, किस रात कोई नहीं रहता।
“रमेसर, तू तो घर का हिस्सा है।” सेठजी अक्सर कहते।
“हाँ सेठजी, घर का ही हिस्सा हूँ।” रमेसर मुस्कुराता।
वह मुस्कान अब पुलिस की फ़ाइल में थी। सोमवार की रात जब सेठजी तीर्थ पर थे — ४ आदमी आए। ताले टूटे नहीं, खुले। दरवाज़ा तोड़ा नहीं, खुला मिला। तिजोरी की चाबी कहाँ थी, सब जानते थे।
इंस्पेक्टर ने रमेसर को बुलाया।
“उस रात तू कहाँ था ?”
“घर पर।”
“किसके घर पर ?”

रमेसर की आँखें झुक गईं। सेठजी को अब समझ आया — वह पंद्रह साल से नमक नहीं, मौका खा रहा था।