आगरा (उप्र)।
समाजसेविका श्रीमती प्रीति फौजदार द्वारा स्थापित संस्था ‘यस वी कैन’ के तत्वावधान में वरिष्ठ साहित्यकार श्रीमती राज फौजदार के हरीश नगर स्थित आवास पर पुस्तक लोकार्पण समारोह रखा गया। इसमें डॉ. शेषपाल सिंह ‘शेष’ के संस्कृत श्लोकों के काव्यात्मक भावार्थ की पुस्तक ‘मुक्त-मणि माला’ और श्रीमती फौजदार द्वारा विभिन्न विषयों पर रचे गए ७३० दोहों की कृति ‘दोहादित्य’ सहित उनके द्वारा बच्चों के लिए लिखी गई ५ कृतियाँ सम्मलित रहीं।
आयोजन की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. आर.एस. तिवारी ‘शिखरेश’ ने की। मुख्य अतिथि गीतकार डॉ. देवेंद्र तोमर (मुरैना) रहे। विशिष्ट अतिथि पूर्व प्राचार्य और वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. सुषमा सिंह, केंद्रीय हिंदी संस्थान की पूर्व निदेशक प्रो. बीना शर्मा और श्रीमती निवेदिता दिनकर ने भी लोकार्पित कृतियों की सराहना की। कार्यक्रम में डॉ. ब्रज विहारीलाल बिरजू, डॉ. राजेंद्र मिलन, डॉ. राजीव शर्मा ‘निस्स्रह’, रमा वर्मा और रेनू उपाध्याय आदि उपस्थित रहे।
कुमार ललित ने संचालन किया। कर्नल वैभव फौजदार ने आभार व्यक्त किया।