दिल्ली।
दूरसंचार विभाग की हिंदी सलाहकार समिति की बैठक केंद्रीय संचार राज्य मंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य विभाग और उसके संबद्ध कार्यालयों में राजभाषा नीति के कार्यान्वयन की समीक्षा करना था।
बैठक में विभागीय कार्यप्रणाली में हिंदी के उपयोग, अधिकारिक पत्राचार, डिजिटल संचार और जनसेवा से जुड़े माध्यमों में राजभाषा के प्रभावी प्रयोग पर विचार-विमर्श किया गया। समिति ने सुझाव दिया कि नागरिकों से जुड़ी सेवाओं में हिंदी के प्रयोग को और सशक्त बनाया जाए। अपने संबोधन में डॉ. चंद्रशेखर ने कहा कि हिंदी देशभर के करोड़ों नागरिकों से संवाद स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। भाषा केवल संचार का साधन नहीं, बल्कि विश्वास और सहभागिता का आधार भी है। आपने डिजिटल एवं अधिकारिक संचार में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देने की बात कही।