नोएडा (उप्र)।
क्रिएटिव कलर एवं इकोसिटी गोवो सदस्य वेलफेयर एसो. तथा टिप-डी पब्लिशर के सौजन्य से क्लब हाउस में शनिवार को साहित्यिक समारोह ‘काव्यांजलि २०२५’ का लोकार्पण किया गया। इसमें अनेक महत्वपूर्ण साहित्यकारों, कवियों और साहित्य प्रेमियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।
इसका शुभारंभ अध्यक्ष यशपाल रावत (इकोसिटी) की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। डॉ. सीमा चड्डा ने सुमधुर स्वर में सरस्वती वंदना प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मुक्ति नाथ ने आरंभिक उद्बोधन देकर विधिवत शुरुआत की। तत्पश्चात ‘काव्यांजलि’ का लोकार्पण वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. दिविक रमेश, आकाशवाणी दिल्ली के निदेशक और वरिष्ठ ग़ज़लकार राम अवतार बैरवा, कलर के महानिदेशक आचार्य राजेश कुमार द्वारा किया गया। डॉ. मनोज उप्रेती, डॉ. पवन जैन, अरविंद पथिक, रचना पथिक आदि गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही।
वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. दिविक रमेश ने शमशेर बहादुर सिंह को उद्धृत करते हुए कहा कि रचनाकार की अभिव्यक्ति ईमानदार होनी चाहिए। साहित्य तभी प्रभावी बनता है, जब उसमें जीवन की सच्चाइयों का निष्कपट प्रतिबिंब हो।
इस अवसर पर आमंत्रित कवियों ने अपनी प्रभावशाली प्रस्तुतियों से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सफल संचालन डॉ. उपासना दीक्षित ने किया।