कुल पृष्ठ दर्शन : 4

वसन्त खिले मुकुलित रसाल

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

वसन्त खिले मुकुलित रसाल, गूंजे तान भ्रमर मधुराई छाए,
नव प्रणय युगल रोमांच मिलन, खिले मकरन्द महके गाए।

अठखेल करे तितली पतंग, वासन्तिक पिकगान सुहाए,
ऋतुफलकन्द सुरभि वन-कानन, सतरंगों समरसता लाए।

मुकुल हँसे तो नवभोर सजे, धरती नूतन रूप सँवारे,
नव पल्लव की संकोच लिए, कुसुमित कलियाँ रंग उधारे।

मौन छुपाए प्रिय प्राण-विनय, स्वर्णिम सपनों की उजियारे,
मुकुल खुला तो मन-आँगन में, सौ-सौ आशा दीप जलाए।

भ्रमर गुनगुना कर रस चखते, फूलों से निज नाता जोड़े,
मधु-धुन छेड़े उपवन-पथ में, शहद पान स्व पंखुरी तोड़े।

अम्बर की छाया ओढ़ पवन, सुगंध-लहरियाँ मोड़ दिशाएँ,
भ्रमर रुका तो मौन तने तरु,मधुर गान कोकिल सुर छेड़े।

प्रिय प्रणय बहे जब श्वाँस-श्वाँस, सूना बिम्बाधर मुसकाए,
नेह-सुधा की कोमल धारा, रूठे साजन प्रिया मनाए।

लाज सँभाले नयन-डगर से, मधु-लाज सजनी झलकाए,
प्रणय जगे तो जीवन-पथ में, ऋतुराज मधु गीत सुनाए।

मकरंद भरा मधु-कलश सुधा, अधरों तक मधुरस छलकाए,
फूल-हृदय की मधुरित सुगंध, तन-मन आलिंगन महकाए।

ओस-कणों में बाँध उजालों, भोर अरुणिमा हँसी सजाए,
कलसी प्रिय मुख बूँद-बूँद रस, पीकर सूखे मन भर जाए॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥