कुल पृष्ठ दर्शन :

शहर की चुनिंदा कवित्रियों ने किया रचनापाठ

इंदौर (मप्र)।

शहर की साहित्यिक प्रतिभाओं और कला का एक अद्भुत संगम वामा साहित्य मंच और कैनरीज़ फाइन आर्ट गैलरी के संयुक्त तत्वावधान में दिखा। वरिष्ठ चित्रकार योगेंद्र सेठी की चित्र प्रदर्शनी ‘अनवरत’ के रंगों भरे चित्रों के बीच शहर की चुनिंदा लेखिकाओं ने ‘रंगों के आकाश में स्त्री की उड़ान’ विषय पर भावपूर्ण रचनाओं का पाठ किया।
कार्यक्रम में वाणी जोशी, उषा गुप्ता, अनिता जोशी, सपना सी.पी. साहू ‘स्वप्निल’ व प्रतिभा जैन आदि ने रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। शुरुआत वाणी जोशी ने तरन्नुम में कविता सुनाकर स्त्री के आत्मविश्वास और परिवार के प्रति प्रेम को अभिव्यक्ति दी। उषा गुप्ता ने अपनी कविता ‘बदलते रंग, नारी के संग’ में नारी के हर रंग को भावुकता से अभिव्यक्त किया।
अनिता जोशी ने ‘माँ ने बताया’ शीर्षक से मार्मिक कविता सुनाई, जिसमें बचपन के दिनों को याद किया गया। सपना साहू ने अपनी रचना में स्त्री की सहनशीलता और विपरीत परिस्थितियों के अनुरूप चलने के गुण को रेखांकित किया, “सृजनकरणी सबसे बढ़कर नारियाँ जग बनाती बेहतर, सह लेती सब पीड़ा, अभाव, नहीं पालती बदले का भाव।” प्रतिभा जैन ने अपनी कविता में स्वयं को नीला अंबर बताते हुए नारी के त्याग और सबको पूर्ण करने की भावना को व्यक्त किया।

कार्यक्रम में शहर के कई चुनिंदा कलाकार व साहित्यकार मौजूद रहे, जिन्होंने इस मेल की सराहना की।