कुल पृष्ठ दर्शन : 6

यह ज़िंदगी रुकने न पाए

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

कुछ लम्हों की दुर्लभ दुनिया, यह ज़िंदगी रुकने न पाए,
मिले वक्त कर्त्तव्य निभाने, कदम राहें रुकने न पाए
कहाँ नहीं मुश्किलें ज़िंदगी पंछी तूफ़ानों से डर जाएँ,
पंख खोल उन्मुक्त व्योम में, क्या उड़ान भरने न पाएँ।

राहें हों पाषाण नुकीले ठोकर खा गिरने न पाए,
घाटी दर्रों नदियों जंगल हर विघ्न में रुकने न पाए
कहो कहाँ साफल्य कर्मपथ बिना संघर्ष मिलते ही जाए,
कठिनाई से सदा झूझकर विजय खुशी रुकने न पाए।

अथक परिश्रम संयत संयम धीर सुमति नित राह दिखाए,
साहस संबल साथ रहे जब नित विवेक रथ बढ़ते जाए
सार्थ बने विश्वास स्वयं पर ध्येय अटल संकल्प टिकाए,
पार्थ सदा समरांगन जीवन रुके नहीं बढ़ते ही जाए।

हर विघ्न संघर्ष कँटिल रण जीवन सरिता बहती जाए,
धर्म सत्य देशार्थ हितैषी सेवा जनगण लक्ष्य बनाएँ
नीति-रीति सम्प्रीति शान्ति पथ मानवता का दीप जलाएँ,
बने हमसफ़र यायावर रथ विजय तिरंगा हम लहराएँ।

खुशियों की सौगात मधुरतम मुस्काते अधरों पर छाए,
अन्तर्मन सम्वेद दर्द गम पौरुष पथ बढ़ते ही जाए।
समरसता सौहार्द्र सरलता सच्चरित्र मितभाष बनाएँ,
चहुँ विकास इंसाफ सुलभ जन यह ज़िंदगी रुकने न पाए॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥