डॉ.विद्यासागर कापड़ी ‘सागर’
पिथौरागढ़(उत्तराखण्ड)
************************************************
छलक रहा है आज अपरिमित,
भ्रात-बहिन का प्यार।
नेह बाँटता है आपस में,
यह पावन त्यौहार॥
हर्षित हो जायेगा भाई,
आज बहिन के पास।
सींचेगी वो आशीषों से,
भरकर उर में हास॥
खुले हृदय से देगा भाई,
भगिनी को उपहार।
नेह बाँटता है आपस में,
यह पावन त्यौहार…॥
बाट जोहती है भाई की,
उर है अति बेचैन।
जल्दी से भाई को देखूँ,
तरस रहे हैं नैन॥
मिष्ठान्नों से सजी थालियाँ,
दीप जले उजियार।
नेह बाँटता है आपस में,
यह पावन त्यौहार…॥
दीर्घ आयु हो भाई की वो,
माँग रही है आज।
भाई की हो सारी दुनिया,
सँवरें सारे काज॥
बहिन दे रही आशीषों की,
पावन अविरल धार।
नेह बाँटता है आपस में,
यह पावन त्यौहार…॥
छलक रहा है आज अपरिमित,
भ्रात-बहिन का प्यार।
नेह बाँटता है आपस में,
यह पावन त्यौहार…॥