मुम्बई (महाराष्ट्र)।
नवी मुंबई एरिया स्कूल्स एसोसिएशन(एनबीएएसए) के तत्वावधान में २४ अगस्त को अंतरविद्यालय लोक नृत्य स्पर्धा का आयोजन क्राइस्ट एकेडमी स्कूल एंड जूनियर कॉलेज (कोपरखैरने, नवी मुंबई) में किया गया। इसमें प्रथम स्थान एस.बी.ओ.ए. पब्लिक स्कूल (नेरुल), द्वितीय प्रेजेंटेशन स्कूल (नेरुल) तथा तृतीय ग्रीन फिंगर स्कूल (खारघर) ने प्राप्त किया।
इस बार भी प्रतियोगिता एसो. के सचिव तथा फादर अग्नेल स्कूल (वाशी) के निदेशक जोस कुरियन, एसो. के कोषाध्यक्ष एवं क्राइस्ट एकेडमी के निदेशक फादर जैसन वड़क्केथला और फादर जिंटो पॉल के नेतृत्व में आयोजित की गई। एकेडमी की हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. पूजा अलापुरिया ‘हेमाक्षी’ ने बताया कि, स्पर्धा में नवी मुंबई क्षेत्र से १३ प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने भाग लिया। इसमें प्रतिभागी छात्रों की प्रस्तुति ने भारत के लोक नृत्य के साक्षात दर्शन कराए। देश के लोगों के जीवन, अभिव्यक्ति के साथ नर्तकों ने राजस्थानी, गुजराती, बंगाली, आदिवासी आदि में अपने नृत्य व संगीत से अपने देश की कहानियों को दर्शाया।
गुरु विद्या वेंकटेश्वर, पद्मिनी जोशी तथा राजन जोशी ने निर्णायकगण का दायित्व निभाया। कार्यक्रम समन्वयक एवं विद्यालय की सह-शिक्षिकाएँ गायत्री नायर, अश्विनी गाला, कोयल कुंदरु और सिद्धि के अथक प्रयास से यह कार्यक्रम सफल बना। सभी विजेताओं और प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाओं के साथ इसका समापन हुआ।