कुल पृष्ठ दर्शन : 14

अगले पल का पता नहीं

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

अगले पल का पता नहीं, जी लो जो भी वक्त मिला है
छोड़ो सब बीते अतीत को, खुशियाँ गम बेवक्त मिला है।

शेष अशेष कार्यपथ जीवन, परहित पौरुष चाह बची है
सुलभ नहीं समझो आगम रण, विघ्नों दुर्गम राह मिली है।

माना है संकल्प अटल सच, किन्तु शेष आरोह शिखर है
सोपानों पर कठिन धेय रथ, अवरोहण भी साथ प्रखर है।

करो व्यर्थ न बचे शेष पल, बढ़ो शोध नव प्रगति परक है
परिवर्तन नव सोच सृजन शुभ, मानवीय अनमोल तिलक है।

मृगतृष्णा फँस भौतिक जीवन, हर्षित हिय सुख वक्त बीता है
अब तो जाग समाज देशहित, विश्व शान्ति पथ काम बचा है।

क्लिष्ट श्लिष्ट उत्कृष्ट प्रदर्शन ज्ञान, जलधि विज्ञान फँसा है
अवगाहन अन्तस्तल अध्ययन, अन्वेषण अभिज्ञान बचा है।

जन मन हित सत्कार्य धार्य, सम्प्रीति रीति सद्नीति सजा है
बस कल्याणक सोच कर्म रत, रिद्धि-सिद्धि परणीति प्रभा है।

आत्मज्ञान अभिमान विरत, स्वाभिमान राष्ट्र गणतंत्र मुदित है।
अगले पल का पता नहीं, अवदान राष्ट्र श्रम मंत्र सृजित है॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥