भोपाल (मप्र)।
आरिणी चैरिटेबल फाउंडेशन, भोपाल द्वारा प्रदत्त ‘आरिणी बाल साहित्य साधना सम्मान-२०२५’ के लिए इस वर्ष के चयनित बाल साहित्यकारों एवं कृतियों की घोषणा निर्णायक समिति ने कर दी है। प्रथम क्रम के सम्मान के लिए समिति की अनुशंसा से साहित्यकार प्रो. (डॉ.) नागेश पांडेय ‘संजय’ को चुना गया है।
फाउंडेशन की अध्यक्ष डॉ. मीनू पांडेय ‘नयन’ ने बताया कि स्व. पं. श्री जगदीश प्रसाद पाण्डेय स्मृति आरिणी बाल साहित्य साधना सम्मान (समग्र अवदान, २१००₹) में समिति की अनुशंसा से ‘संजय’ (शाहजहांपुर) को चुना गया है। स्व. श्रीमती तारा पाण्डेय स्मृति आरिणी बाल साहित्य साधना सम्मान (गद्य, ११०० ₹) के लिए ‘हाड़ौती अंचल का बाल साहित्य:उद्भव एवं विकास’ कृति (डॉ. युगल सिंह, राजस्थान) को, स्व. श्रीमती कस्तूरी बाई स्मृति आरिणी बाल साहित्य साधना सम्मान (पद्य, ११००₹) हेतु संयुक्त रूप से (डॉ. रंजना शर्मा, भोपाल, ‘आजा री निंदिया’ -लोरी संग्रह व डॉ. वर्षा चौबे, भोपाल- बच्चों तुम स्वाभिमान धरा के) को और स्व. श्री उमेश चंद्र मिश्रा स्मृति आरिणी बाल साहित्य साधना सम्मान (युवा लेखन हेतु, प्रथम कृति-युवा रचनाकार हेतु, ११००₹) में कृति ‘एक परी हमारी’ (प्रेमलता साहू, छग) को चुना गया है।
आपने बताया कि सम्मान का आयोजन १३ नवंबर को दुष्यंत कुमार स्मारक पाण्डुलिपि संग्रहालय (भोपाल) में शाम ५ बजे है।
