कुल पृष्ठ दर्शन : 15

कठिन पहेली ज़िंदगी

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

कठिन पहेली जीवनी, समझे संत सुजान।
तन मन धन अर्पित वतन, परहित श्रम यश मान॥

कठिन डगर मुश्किल सुपथ, साथ रहे पुरुषार्थ।
बने लक्ष्य जनहित वतन, पालन हो धर्मार्थ॥

निर्णेता नित परिश्रम, मानव की पहचान।
कहाँ आलसी सिद्धि पथ, देशभक्ति सम्मान॥

पल-पल जीवन समर्पित, राष्ट्र धर्म उत्थान।
रखें आस्था कर्म में, बढ़े धीर मतिमान॥

मिले सफलता नित अटल, कर्मवीर ढृढ़ धेय।
मददगार हम स्वयं हों, ईश्वर हियतल गेय॥

शंखनाद जीवन समर, सत्य बने हथियार।
रैन बसेरा मौन हो, संबल पौरुष धार॥

राष्ट्र भक्ति पथ शक्ति हो, भारत रक्षण मान।
राष्ट्रगान शुभगान हो, राष्ट्र तिरंगा शान॥

सदा समादर विजय रण, अमर वीर बलिदान।
हों कृतज्ञ जन मन वतन, हो शहीद जयगान॥

संकल्पित उद्देश्य हो, साहस सत्पथ यान।
बलिदानी जज़्बा हृदय, सीमा रक्षण भान॥

भारत माँ के भाल पर, सदा विजय हो गीत।
समरस सद्भावित चरित, अपनापन मनमीत॥

समतामय हो चिन्तना, यादें पूर्वज त्याग।
विश्वबन्धु इन्सानियत, मानवता अनुराग॥

सार्थकता जीवन तभी, देश बने अभिराम।
खुले पहेली ज़िंदगी, आएँ देश के काम॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥