प्रयागराज (उप्र)।
रुद्रादित्य प्रकाशन समूह (इलाहाबाद) द्वारा समकालीन रचनाशीलता की दृष्टि से वर्ष २०२३ के दौरान साहित्य की विविध विधाओं (आलोचना, उपन्यास, कहानी और कविता) में प्रकाशित सर्वोत्तम कृति के लिए उनके सर्जकों को देने के अंतर्गत कमलेश्वर स्मृति कहानी सम्मान कहानी संग्रह ‘दर्पण, जुगनू और रात’ के नाम किया गया है। इसके अलावा अन्य कृतियों को भी चयनित किया गया है।
समिति के संयोजक शशि कुमार सिंह एवं निदेशक अभिषेक ओझा ने बताया कि निर्णायक मंडल के सदस्यों विभूति नारायण राय, कुमार पंकज, संजय श्रीवास्तव एवं अलका प्रकाश द्वारा सर्वसम्मति से वर्ष २०२३ हेतु मलयज स्मृति आलोचना सम्मान में ‘क्योंकि संघर्ष एक शब्द भर नहीं है’ (प्रदीप सक्सेना), डॉ. रामस्वरूप चतुर्वेदी स्मृति आलोचना सम्मान-नामवर सिंह में ‘आलोचना की सार्थकता’ (भालचंद्र जोशी) और फणीश्वर नाथ रेणु स्मृति उपन्यास सम्मान में ‘खलक चबेना काल का’ (प्रियदर्शन मालवीय) को चुना गया है। इसी तरह कमलेश्वर स्मृति कहानी सम्मान के लिए ‘दर्पण, जुगनू और रात’ (अंजू शर्मा), स्नेहमयी चौधरी स्मृति कविता सम्मान में ‘अभिव्यक्ति के क्षण’ (काव्य संग्रह-रचना आनन्द) का चयन हुआ है। आपके अनुसार सम्मानित कृतियों के लेखकों को ये सम्मान १ जून २०२५ को दिए जाएँगे।