कुल पृष्ठ दर्शन :

कोयलांचल के साहित्यकार नारायण सिंह का निधन, शोक व्यक्त

धनबाद (झारखंड)।

कोयला राजधानी धनबाद के बीसीसीएल मुख्यालय में राजभाषा हिंदी के वरिष्ठ अनुवादक एवं बीसीसीएल की गृह पत्रिका ‘कोयला भारती’ के संपादक रहे विद्वान साहित्यकार नारायण सिंह का गत शनिवार को पुणे में लम्बी बीमारी के बाद निधन हो गया। सामाजिक साहित्यिक जागरुकता मंच (धनबाद) ने संस्था की ओर से शोक सभा आयोजित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा की अध्यक्षता संस्था के राष्ट्रीय संस्थापक आचार्य संजय सिंह ‘चंदन’ ने करते हुए कहा कि श्रद्धेय सिंह के निधन से पूरा कोयलांचल स्तब्ध है। साहित्य में उनका योगदान अमूल्य है, उनका निधन साहित्य जगत की अपूरणीय क्षति है। आपने कहा कि बौद्धिक चिंतन के धनी, गांधीवादी विचारक सिंह के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। जिन्होंने बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश और देश में लब्ध ख्याति प्राप्त की, जिनकी ५० कहानियाँ, १५७ निबंध, लेख और समीक्षा आदि समाचार पत्रों में छपे एवं १७ पुस्तकें प्रकाशित और विमोचित हुई।

सभी ने २ मिनट का मौन रखकर उनके प्रति संवेदना व्यक्त की और श्रद्धांजलि अर्पित की। सभा में संस्था के जिलाध्यक्ष राजेश राय, डॉ. संगीता नाथ, डॉ. नीरा प्रसाद, डॉ. रत्ना वर्मा ‘राज’ जिला उपाध्यक्ष रवींद्र उपाध्याय, वरिष्ठ साहित्यकार प्रमिला श्री तिवारी, रिंकू दुबे ‘वैष्णवी’, वरिष्ठ पत्रकार उमेश तिवारी, सरिता पांडेय, सोनी शर्मा, बिनोद महतो, प्रो. श्याम किशोर प्रसाद आदि उपस्थित रहे।