डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)
*************************************************
क्षमा मनुज भूषण जगत, है प्रतीक आचार।
शील त्याग गुण कर्म पथ, धवल कीर्ति आधार॥
ममता करुणा क्षमा मन, नीति न्याय श्रृंगार।
तज माया खल काम को, कर जीवन उपकार॥
मानव जीवन क्षणिक जग, दुर्लभ है संसार।
तज माया मद मोह को, क्षमा श्रेष्ठ उपहार॥
शान्ति सेतु आनंद है, युद्ध विनाशक लोक।
शान्ति प्रेम करुणा क्षमा, युद्ध रोग मद शोक॥
क्षमादान है श्रेष्ठतम, समर शत्रु भी मीत।
क्षमा विजय गाथा समझ, मूल्यवान संगीत॥
शान्ति दूत है नित क्षमा, है प्रतीक समुदार।
शील धीर सौहार्द्र का, समरसता आधार॥
मानवता सम्वेदना, है प्रमाण पुरुषार्थ।
अमर विजय रिपु क्षमा ही, अत्युत्तम परमार्थ॥
शक्तिमान सबसे बड़ा, क्षमा कीर्ति फल मूल।
कृपासिंधु होता वही, मिटे वक्त प्रतिकूल॥
मिले सुखद अनुभूतियाँ, क्षमादान अपराध।
सधे शत्रु खल स्वयं ही, प्रीत मीत निर्बाध॥
क्षमा व्याधि औषधि समा, क्षमा सदा ब्रह्मास्त्र।
क्षमा चरित गरिमा समझ, शान्ति करे दिव्यास्त्र॥
परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥