कुल पृष्ठ दर्शन : 3

You are currently viewing गुरु सत्यम् शिव सुन्दरम्

गुरु सत्यम् शिव सुन्दरम्

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

पावन मनभावन दिवस, पूजन गुरुवर आज।
गुरु पूर्णिमा श्रावणी, ज्ञानलोक समाज॥

गुरु गरिमा लसिता धरा, पवनानल जल व्योम।
पूज्यनीय अविरत प्रकृति, कुसुमाकर निशि सोम॥

मातु पिता गुरुता जगत, पृथिवी गगन समान।
माँ ममता स्नेहिल सरित, पिता हिमालय मान॥

माँ जननी सम्पोषिका, करुणा क्षमा उदार।
रक्षक पालक गुरु पिता, महिमा अपरंपार॥

सादर गुरुजन पद युगल, शत-शत बार प्रणाम।
बरसे विद्या ज्ञान घन, गुण सन्नधि सुखधाम॥

खिले ज्ञान गुरु अरुणिमा, सुरभित सुमति सरोज।
गुरु वन्दन पूजन विनत, पौरुषेय नव ओज॥

अहोभाग्य गुरुवर कृपा, मिले ज्ञान नवजोत।
महादान विद्या जगत, खुले सुयश बहु स्रोत॥

अंधेरा अज्ञान का, मिटता ज्ञानालोक।
खुले राह जीवन विविध, मिटे रोग मद शोक॥

महिमामंडन गुरु कृपा, अकथनीय संसार।
विद्या वारिधि गुरु समझ, ज्ञान सरोवर सार॥

सद्गुरु संगति लोक में, दुर्लभ है संसार।
सत्य प्रकाशित ज़िंदगी, नीति-रीति आचार॥

गुरु सत्यम् शिव सुन्दरम्, जीवन गुरु स्थान।
नमन पूर्णिमा श्रावणी, भक्ति प्रेम गुरुगान॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥