रायपुर (छग)।
संस्कृति विभाग (छग शासन) द्वारा स्थापित ११ राज्य स्तरीय सम्मानों एवं १ राष्ट्रीय सम्मान हेतु प्रविष्टियाँ पंजीकृत डाक से संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा में ५ अक्टूबर २०२४
तक निर्धारित प्रारूप में आमंत्रित की गई हैं। यह सम्मान ६ नवम्बर को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस ‘राज्योत्सव’ (राज्य अलंकरण समारोह) में चयनितों को दिए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार
संचालनालय संस्कृति एवं राजभाषा (द्वितीय तल, व्यावसायिक परिसर, सेक्टर-२७, नवा रायपुर, अटल नगर (छग) ४९२००२) में निर्धारित प्रारूप में आमंत्रित की गई है। विस्तृत जानकारी के लिए सम्मान की नियमावली विभागीय वेबसाईट (www.cgculture.in) पर उपलब्ध है। प्रारूप में आवेदक का नाम, पता व मो. नं., उपलब्धियों का संक्षिप्त ब्यौरा, प्राप्त सम्मान व पुरस्कार आदि की जानकारी भेजनी होगी। यह सम्मान पं. सुन्दर लाल शर्मा सम्मान-हिन्दी साहित्य, दाऊ मंदराजी सम्मान-लोक नाट्य एवं लोक शिल्प, चक्रधर सम्मान- शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य, छत्तीसगढ़ अप्रवासी भारतीय सम्मान-देश के बाहर अप्रवासी भारतीय द्वारा सामाजिक कल्याण (साहित्य, मानव संसाधन, निकाय अथवा आर्थिक), किशोर साहू सम्मान-हिन्दी-छत्तीसगढ़ी सिनेमा में रचनात्मक लेखन-निर्देशन, अभिनय-पटकथा लेखन और किशोर साहू राष्ट्रीय सम्मान-हिन्दी-छत्तीसगढ़ी सिनेमा में सर्वश्रेष्ठ फिल्म निर्देशन हेतु दिया जाएगा। इसी तरह देवदास बंजारे स्मृति पुरस्कार-सम्मान-लोक नृत्य, देवदास बंजारे स्मृति पंथी नृत्य पुरस्कार-सम्मान-पंथी नृत्य, लाला जगदलपुरी साहित्य पुरस्कार-सम्मान-आंचलिक साहित्य-लोक कविता, लक्ष्मण मस्तुरिया सम्मान-छत्तीसगढ़ी लोकगीत, खुमान साव सम्मान-छत्तीसगढ़ी लोक संगीत व हबीब तनवीर सम्मान-समकालीन रंगकर्म (छत्तीसगढ़ी, हिन्दी, अन्य भाषा नाटक) से उपरोक्तानुसार क्षेत्र में उपलब्धि तथा दीर्घ साधना हेतु विभूषित किया जाएगा।