डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)
*************************************************
पिता थे मेरे सद्गुरु, जीवन का आधार।
खटक रही अविरत कमी, पिता आप संसार॥
देता जीवन की किरण, पिता रुप भगवान।
ज्ञान पुंज जीवन तनय, पिता पुस्तक समान॥
अविरत चलता कर्मपथ, पालनार्थ सन्तान।
संवाहक परिवार का, सहता बहु अपमान॥
सहे मौन संघर्ष को, बाधा विघ्न अनेक।
करता जीवन समर्पण, सन्तति पद अभिषेक॥
धीर-वीर गंभीरता, साहस पिता महान।
पालक रक्षक संयमित, अरुणिम भोर समान॥
सन्तति सुख शिक्षा निरत, चाह समुन्नति पूत।
करता धन अर्जन विविध, कुपथ सुपथ उद्भूत॥
घूस लूट करता गबन, नित सन्तति कल्याण।
बेचे निज घरबार को, हो सपूत दुख त्राण॥
दिल में रख सम्वेदना, अश्क़ छिपाते आँख।
सहनशक्ति पर्याय बन, खोले सन्तति पाँख॥
कल्प वृक्ष सम पिता नित, पूर्ण चाह सन्तान।
प्रथम गुरु जीवन पिता, ऊँचा व्योम समान॥
हे जीवन दाता जनक, शत्-शत् विनत प्रणाम।
कर्ज़दार हम आपके, किया पूत कल्याण॥
निर्भय हम छाया पिता, बरगद आप समान।
अनुशासित जीवन चरित, शिक्षक आप महान॥
यादों में नित आप हैं, आहूति जीवन तात।
आप स्वयं भगवान हैं, जीवन सुत सौगात॥
परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥