कुल पृष्ठ दर्शन :

‘विवाह’ जीवन आधार

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

नर-नारी कारण जगत, जीवन का आधार।
शुभ विवाह बन्धन प्रणय, सप्त बन्ध परिवार॥

रिश्ते-नाते सब यहाँ, बस विवाह सम्बन्ध।
धर्म सनातन आस्था, कुसुमित प्रीति सुगन्ध॥

खिले ज़िंदगी बांगवां, नारी पुरुष विवाह।
महकें खुशियाँ मधुरता, सांसारिक सुख चाह॥

अन्तर्मन दम्पति मिलन, सुख दु:ख जीवन मीत।
आलिंगन तन मन सृजित, शाश्वत दिल संगीत॥

विवाह समझौता नहीं, जन्म-जन्म सम्बन्ध।
लक्ष्मी नारायण मिलन, शिव शक्ति रस छन्द॥

शालिग्राम तुलसी धरा, पावन दिवस विवाह।
विष्णु जगे चिर नींद से, मिटे सकल मन आह॥

नर नारी परिणय सुखद, निर्माणक परिवार।
बढ़े वंश सन्तति जनम, नव भविष्य आधार॥

ममता करुणा हिय क्षमा, त्याग न्याय पुरुषार्थ।
वैवाहिक सम्बन्ध से, जगे धर्म परमार्थ॥

प्रथा चारु जीवन मनुज, खुले बहुल पथ चाह।
सामाजिक संस्कृति वहन, धार्मिक अर्थ विवाह॥

वैवाहिक संयोग ही, गुण अवगुण प्रतिमान।
सर्जन पालन जगत का, है विवाह यश मान॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥