कुल पृष्ठ दर्शन : 37

You are currently viewing सावन भीगे पुलकित देह

सावन भीगे पुलकित देह

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

सावन वर्षा मधुरिमा, भीगे पुलकित देह।
रोमांचित रति राग मन, प्रीत मिलन रस गेह॥

पावन पावस श्रावणी, घटा मनोहर व्योम।
रिमझिम टिप-टिप बरसती, मानो शीतल ओम॥

प्रौढा मुग्धा प्रेयसी, बाट देखती प्रीत।
प्रिय वियोग में तरसती, गाती पावस गीत॥

पायल झनकाती घटा, झम-झम बरसी वृष्टि।
मधुरिम घन गलहार मन, रचना अनुपम सृष्टि॥

मदमाती बरखा प्रिया, सखी नदी के संग।
उफन रही नदियाँ युवा, सावन साथ उमंग॥

अल्हड़पन अद्भुत घटा, नृत्य गीत सतरंग।
मधुशाला वर्षा बनी, बादल मुदिता संग॥

बरस रही प्रिय वर्षिणी, जलद योग मनरोग।
दादुर गा मल्हार स्वर, घन वर्षा संयोग॥

शर्माती लखि मेह प्रिय, चारु वर्ण घनश्याम।
रोम-रोम मधुश्रावणी, सजी वृष्टि अभिराम॥

देख वधू माता धरा, हरियाली सौगात।
कुसुमित सुरभित वन प्रकृति, लखि बर्षा शुभ गात॥

सदा सुहागन कामना, बरसी वर्षा भक्ति।
शिव गौरी पूजे चरण, रहे मेघ अनुरक्ति॥

मनमयूर नर्तन सुखद, पूर्णिम चाँद विभोर।
रिमझिम वर्षा प्रेम में, ओझल चाँद चकोर॥

खिले सरोवर मुखकमल, देख वृष्टि घनघोर।
कुसुमाकर की अरुणिमा, छिपी देखती शोर॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥