कुल पृष्ठ दर्शन : 14

You are currently viewing सावन सुमिरन प्रिय मिलन

सावन सुमिरन प्रिय मिलन

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

आयी सावन की घटा, यौवन चढ़ी उमंग।
खनके कंगन हाथ में, मिलन प्रीत नवरंग॥

रुनझुन पायल पदयुगल, पथ गूंजित चहुँओर।
मतवाली मधुयामिनी, प्रिय आगम नँच मोर॥

बिंदी शोभित भाल पर, सीथ लगी सिन्दूर।
उरुतल उन्नत गिरि शिखर, गजब प्रीत दस्तूर॥

पलकों में काजल लसित, बड़े नशीली नैन।
सजन विरह नयनाश्रु जल, हरती निशिदिन चैन॥

खनके चूड़ी कर कुसुम, हरी लाल शुभ रंग।
बिम्बाधर मुस्कान रस, खुशियाँ लहर तरंग॥

लहराती चहुँ वेणियाँ, मानो दिखे भुजंग।
यौवन चढ़ती लालिमा, सावन भीगे अंग॥

तड़प रही प्रिय चन्द्रिका, साजन मिलन वियोग।
प्रेम रोग पीड़ित प्रिया, कौन करे सहयोग॥

चन्द्रकला सम सुन्दरी, सज सोलह श्रृंगार।
विरह व्यथा की बाढ़ में, सजनी बहती धार॥

कजरी गाती नित प्रिया, प्रिय आगम हिय आश।
राग तजो आओ सजन, वरन तजी मैं श्वाँश॥

कवि ‘निकु़ंज’ लखि विरहिणी, प्रीति विरह मन शोक।
सावन सुमिरन प्रिय मिलन, मिले प्रियम आलोक॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥