नई दिल्ली।
साहित्य अकादमी ने वर्ष २०२५ के लिए युवा साहित्य और बाल साहित्य पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। हिन्दी सहित २३ भाषाओं के युवा रचनाकारों और २४ भाषाओं के बाल साहित्यकारों का पुरस्कार के लिए चयन हुआ है।
हिंदी का युवा साहित्य पुरस्कार झारखंड की पार्वती तिर्की को कविता संग्रह ‘फिर उगना के लिए’ व बाल साहित्य पुरस्कार सुशील शुक्ल को लघुकथा संग्रह ‘एक बटे बारह’ हेतु दिया जाएगा। सभी विजेताओं को पुरस्कार स्वरूप प्रशस्ति-पत्र और ५० हजार की राशि दी जाएगी। अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक की अध्यक्षता में हुई कार्यकारी मंडल की बैठक में पुरस्कार विजेताओं के नाम पर मुहर लगी। श्री कौशिक ने कहा कि ये पुरस्कार देश की भाषाई विविधता और साहित्यिक समृद्धि को दर्शाते हैं। चयनित रचनाकारों को दिल्ली में आयोजित विशेष समारोह में सम्मानित किया
जाएगा, जिसकी तारीख जल्द घोषित की जाएगी। पार्वती तिर्की के कविता-संग्रह को हिंदी कविता के समकालीन परिदृश्य में एक नई और जरूरी आवाज के रूप में देखा गया है, जबकि सुशील बाल साहित्य के क्षेत्र में लगभग ढाई दशक से काम कर रहे हैं।