कुल पृष्ठ दर्शन : 2

हिन्दी सृजन हेतु राष्ट्रीय पुरस्कार घोषित, १४ सित. को देंगे

बीकानेर (राजस्थान)।

राष्ट्रभाषा हिन्दी प्रचार समिति (श्रीडूंगरगढ़) ने हिन्दी सृजन हेतु दिए जाने वाले राष्ट्रीय पुरस्कारों की घोषणा कर दी है। शीघ्र ही रामकिशन उपाध्याय स्मृति समाज सेवा सम्मान की घोषणा भी जाएगी। सभी पुरस्कार १४ सितम्बर को श्रीडूंगरगढ़ में संस्था द्वारा आयोज्य भव्य समारोह में अर्पित किए जाएंगे। संस्थाध्यक्ष श्याम महर्षि और उपाध्यक्ष डॉ. मदन सैनी के अनुसार वर्ष २०२५ का संस्था का सर्वोच्च व प्रतिष्ठित मलाराम माली स्मृति साहित्यश्री सम्मान जोधपुर की प्रख्यात साहित्यकार डॉ. पद्मजा शर्मा को समग्र साहित्यिक अवदान के लिए दिया जाएगा।
संस्था के मंत्री और पुरस्कार समिति के संयोजक रवि पुरोहित ने बताया कि इस बार १० से अधिक राज्यों से प्रस्ताव प्राप्त हुए। डॉ. नंदलाल महर्षि स्मृति हिन्दी सृजन पुरस्कार मध्यप्रदेश के प्रतिष्ठित कथाकार देवेन्द्र मिश्रा को ‘डस्ट और अन्य कहानियाँ’ (कथा संग्रह) के लिए अर्पित किया जाएगा। इसी प्रकार श्री शिवप्रसाद सिखवाल स्मृति महिला लेखन पुरस्कार बीकानेर की ख्यातनाम साहित्यकारा संगीता सेठी को कहानी संग्रह ‘तुम कब आओगे’ के लिए और श्याम सुन्दर नागला स्मृति बाल साहित्य पुरस्कार शाहजहांपुर के वरिष्ठ बाल साहित्यकार डॉ. नागेश पाण्डेय को प्रसिद्ध बाल कथा कृति ‘नटखट बाल कहानियाँ’ के लिए घोषित किया गया है। पं. गोविंद वल्लभ पंत पुरस्कार से समादृत लेखक सुरेश ओझा के सौजन्य से प्रारम्भ इतर साहित्यिक लेखन क्षेत्र का सुरेश कंचन ओझा लेखन पुरस्कार भोपाल के कुमार सुरेश को कृति ‘संभवामि युगे-युगे’ के लिए दिया जाएगा।

इसी वर्ष से प्रारम्भ श्री चन्द्रमोहन हाड़ा हिमकर स्मृति उपन्यास लेखन पुरस्कार के लिए सरदार शहर के उपन्यासकार विश्वनाथ तंवर की कृति ‘तपस्या’ का चयन किया गया है।