दिल्ली।
विष्णु प्रभाकर की विख्यात कृति ‘आवारा मसीहा’ के ५० साल पूरे होने पर साहित्य के क्षेत्र में अधिक सक्रिय और खास पहचान कायम करने वाले युवा साहित्यकारों में सिनीवाली शर्मा, संजय शेफर्ड और विनय विक्रम को इस साल २०२४ के ‘विष्णु प्रभाकर स्मृति प्रोत्साहन राष्ट्रीय सम्मान’ के लिए चयनित किया गया है। सभी सम्मान ३० जून को विष्णु प्रभाकर की जयंती के उपलक्ष्य में दिल्ली में आयोजित समारोह में दिए जाएंगे।
जानकारी देते हुए विष्णु प्रभाकर प्रतिष्ठान के मंत्री और साहित्यकार अतुल कुमार प्रभाकर ने बताया कि, विष्णु प्रभाकर स्मृति प्रोत्साहन राष्ट्रीय सम्मान के लिए चुनी गई सभी हस्तियों को यह सम्मान गाँधी हिंदुस्तानी साहित्य सभा और प्रतिष्ठान के साझा प्रयासों से १० साल से निरंतर सक्रिय सन्निधि संगोष्ठी की ओर से दिया जाएगा।
आपने बताया कि, अंतर्राष्ट्रीय ख्याति के गाँधीवादी विचारक और लेखक राम मोहन राय को विशेष सम्मान के लिए चुना गया है। इसी कड़ी में पत्रकारिता के लिए नामचीन पत्रकार मृणाल वल्लरी, शिक्षा और समाजसेवा के क्षेत्र में सुमन शर्मा, महिला सशक्तिकरण के लिए पुष्पा और संगीत-गायन के क्षेत्र में चर्चित राजेंद्र सिंह नेगी का चयन किया गया है।