बांका (उप्र)।
जिला हिन्दी साहित्य सम्मेलन, बांका के तत्वावधान में ‘हिन्दी पखवाड़ा समारोह २०२५’ का आयोजन बांका में वैभव इन के प्रशाल में हुआ। अध्यक्षता सम्मेलन के अध्यक्ष डॉ. अचल भारती ने की।
इसमें कवि सिद्धेश्वर और शहंशाह आलम को सर्वोच्च साहित्य सम्मान दिया गया।
समारोह के संरक्षक शंकर दास की देख-रेख में इस कार्यक्रम में पूर्णिया विवि के कुलपति प्रो. (डॉ.) विवेकानंद सिंह मुख्य अतिथि तथा पी.बी.एस. महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सुधीर कुमार सिंह, प्रो. एस.के. पी. सिन्हा, साहित्यकार शहंशाह आलम, सिद्धेश्वर, राज किशोर राजन और अरुण सिन्हा विशिष्ट अतिथि रहे। मुख्य आकर्षण साहित्यकारों एवं शिक्षाविदों को सम्मानित करना रहा, जिसके अंतर्गत चयनित साहित्यकारों में सिद्धेश्वर को रेणुका देवी दिनकर साहित्य रत्न सम्मान तथा शहंशाह आलम को रामाशीष मोदी साहित्य रत्न सम्मान दिया गया। इसी क्रम में अनेक साहित्यकारों को भी विभूषित किया गया।
विदित हो कि पटना निवासी सिद्धेश्वर लघुकथा, कविता, कहानी और बाल साहित्य के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
इस समारोह के उपरांत दूसरे सत्र में बाल व्याख्यान प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। अंतिम सत्र में कवि सम्मेलन हुआ, जिसकी शुरुआत कवयित्री लेखनी कुमारी की सरस्वती वंदना से हुई। इसका संचालन डॉ. नवीन निकुंज ने किया।