पटना (बिहार)।
पुरवइया साहित्यिक संस्था ने डॉ. गोरख प्रसाद मस्ताना के पटना आवास पर साहित्यिक संगोष्ठी आयोजित की। इस कवि-गोष्ठी में १२ से अधिक प्रतिनिधि रचनाकारों ने हिस्सा लिया और गीत-ग़ज़लों की चुनिंदा प्रस्तुति दी। मुख्य अतिथि वरिष्ठ शायर प्रेम किरण, आर.पी. घायल, विशिष्ट अतिथि अनिरुद्ध सिन्हा, राश दादा राश व किशोर सिन्हा रहे।
अध्यक्षीय उद्बोधन में वरिष्ठ साहित्यकार भगवती प्रसाद द्विवेदी ने कहा कि बड़ी-बड़ी गोष्ठियों में वह आत्म-संतुष्टि नहीं मिलती, जो यहाँ मिली है। इसमें वरिष्ठ कवि सिद्धेश्वर ने कहा कि यहाँ श्रेष्ठ रचनाओं को सुनना, सुनाना वास्तव में सौभाग्य है। काव्य पाठ करने वाले प्रमुख रचनाकार आराधना प्रसाद, पूनम श्रेयसी, डॉ. शिवनारायण, रूबी भूषण, सुनील कुमार आदि रहे। सभी ने अपनी नवीन प्रतिनिधि रचनाओं से साहित्यिक वातावरण को माधुर्य से परिपूर्ण किया।
प्रभावी संचालन डॉ. मस्ताना एवं नसीम अख्तर ने किया। आभार डॉ. मस्ताना ने व्यक्त किया।