नीलम प्रभा सिन्हा
धनबाद (झारखंड)
***************************************
हर घर उजियारा हो (दीपावली विशेष)…
जगमग-जगमग दीप जले,
घर-घर, द्वार-द्वार पर दीप सजे
रोशनी बेमिसाल बनी रहे,
सबके दिल में प्रेम भरा रहे।
खुशियाँ मनाएँ, दिल खिल-खिल उठे,
लक्ष्मी-गणेश जी की पूजा हो घर-घर में
घर की सफाई करें, घर को स्वच्छ बनाएँ,
हर बहन घर सजाए, रंगोली बनाए।
अब दिवाली पर बल्ब और झालर सजाते,
लेकिन दीप भी हर घर में जलाते
खूब पटाखे फोड़ते, रोशनी फैलाते,
दीपों से घर-आँगन जगमगाते।
राम जी के चौदह वर्ष के वनवास से लौटने पर,
उनके स्वागत में दीप जलाए गए
दुल्हन की तरह अयोध्या नगरी को,
दीपों से सजाया गया।
दीपावली अंधकार पर प्रकाश की विजय का पर्व है,
हर जगह तोरण और द्वार सजाए जाते हैं
मिट्टी के दीप ऐसे सजाए जाते हैं,
मानो राम की आरती के लिए खड़े मुस्कुराते हैं।
दीपावली पर राम की पूजा नहीं होती,
लक्ष्मी-गणेश जी की ही पूजा होती है
लक्ष्मी जी चंचल स्वभाव की मानी जाती हैं,
गणेश जी बुद्धि और विवेक के धनी कहलाते हैं।
अपने बुद्धि-विवेक से गणेश जी,
लक्ष्मी जी को स्थिरता प्रदान करते हैं
इसीलिए लक्ष्मी-गणेश जी की,
एकसाथ पूजा की जाती है।
बिना लक्ष्मी के कुछ नहीं होता संसार में,
लक्ष्मी को स्थिर रखना भी आवश्यक है
यह काम गणेश जी का आशीर्वाद करता है,
उनकी कृपा से जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
दीपावली पर सब सोना-चाँदी खरीदते हैं,
हम भी खुशियों की सौगात खरीदें
दूसरों को सम्मान देकर,
मिल-जुलकर खुशियाँ मनाएँ।
जो गरीब बच्चे दूर से तमाशा देखते हैं,
उनके लिए भी खुशियों की सौगात भेजें
किसी गरीब बच्चे के घर जाकर,
दीप, मिठाई दें और पटाखे जलाएँ।
उन बच्चों के साथ मिलकर खुशियाँ मनाएँ,
उनके चेहरों की मुस्कान देखकर
अंतर्मन भी खुशी से भर जाए,
उनकी खुशी में अपनी खुशी पाएँ।
अपने लिए तो सभी खरीदते हैं,
अच्छे-अच्छे फल, मिठाई और पटाखे
पर जो छोटे-छोटे गरीब बच्चों के लिए भी कुछ खरीदते हैं,
उनकी दीपावली भी चम-चम चमक उठती है।
अपनापन बाँटने से मन खुशी से झूम उठता है,
जब अमीर और गरीब के बच्चे मिलकर
एकसाथ खुशियाँ मनाते हैं,
तो दीपावली का आनंद और बढ़ जाता है।
दीप जलाएँ और अपनापन महसूस करें,
इस दीपावली में सौहार्द का एक दीप जलाएँ।
प्रेम और स्नेह से हर पल खुशियाँ लाएँ,
ऐसी दीपावली मनाएँ, खुशियाँ आपस में बाँटें॥