सरोजिनी चौधरी
जबलपुर (मध्यप्रदेश)
*************************************
आया कार्तिक मास सुहावन
दीपावली का पावन पर्व,
फिर आता है भाई-दूज
बहना करती इस पर गर्व।
केवल यह एक नहीं परंपरा
है विश्वास अटल अनमोल,
माथे पर भाई के लगाया
उस टीके का नहीं है मोल।
बचपन की सारी स्मृतियाँ
क्षण में जीवित हो जातीं,
रूठे मन की छोटी बातें
हँसते-हँसते वे मुस्कातीं।
बहना माँगे क्या प्रभु से
बस भैया का सुख वैभव,
उसका पथ हो सदा सुनहरा
बढ़े सदा उसका गौरव।
भाई भी मन में यह ठाने—
बहना का सम्मान रहे,
उसकी हर पीड़ा के आगे
भाई बनकर ढाल रहे।
रिश्ते केवल नहीं रक्त से
विश्वास से अमर हुआ करते,
भाई-दूज के पावन रिश्ते
हृदयों को जोड़ा करते।
स्नेह रहे, विश्वास रहे,
रहे अटूट सदा यह बंधन।
जन्मों-जन्मों तक यूँ महके,
भाई-बहन का रक्षाबंधन॥