दिल्ली।
साहित्य अकादमी दिल्ली प्रसन्नतापूर्वक घोषणा करती है कि संस्कृति मंत्रालय एवं साहित्य अकादमी ‘उन्मेष’ अंतरराष्ट्रीय साहित्य उत्सव के तृतीय संस्करण का आयोजन बिहार सरकार के सहयोग से २५ सितम्बर शुरू होगा। पटना में २८ सितम्बर तक इस आयोजन में ९० से अधिक सत्रों में १०० से अधिक भाषाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले ५५० विद्वान व लेखकों का जुटाव होगा।
अकादमी के सचिव डॉ. के. श्रीनिवासराव ने बताया कि यह ४ दिवसीय आयोजन सम्राट अशोक कन्वेंशन सेंटर में होगा। इंदिरा गांधी राष्ट्रीय कला केंद्र में आयोजित पत्रकार सम्मेलन में संस्कृति मंत्रालय के सचिव विवेक अग्रवाल ने केंद्र के सदस्य सचिव डॉ. सच्चिदानंद जोशी की उपस्थिति में बताया कि ‘उन्मेष’ प्रतिभागियों की संख्या के आधार पर एशिया का सबसे बड़ा साहित्य उत्सव है तथा भारत का सबसे समावेशी साहित्यिक समारोह भी। इस आयोजन में प्रतिष्ठित लेखक, विद्वान, अनुवादक, प्रकाशक तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी हुई जानी-मानी हस्तियाँ भाग लेंगी। इसके अतिरिक्त १२ अन्य देशों के लेखक भी सहभागिता करेंगे। इस उत्सव में बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, अभिनेता अमोल पालेकर, गीतकार जावेद अख्तर, गिरीश कासरवल्ली, सुश्री सोनल मानसिंह सहित भारत में पदस्थ कुछ देशों के राजदूत सहित अनेक विशिष्ट व्यक्तित्वों की सहभागिता संभावित है।
कविता एवं कहानी पाठ के अतिरिक्त उत्सव के कुछ महत्वपूर्ण सत्र में साहित्य और अन्य कलाओं की साझी दुनिया, उत्तर-आधुनिक भारतीय साहित्य और सिनेमा, सोशल मीडिया एवं साहित्य, प्रवासन तथा आदिवासी समुदायों की पहचान का संकट, विदेशी भाषाओं में भारतीय साहित्य का प्रचार प्रसार, राष्ट्रीय शिक्षा नीति में साहित्य की भूमिका आदि हैं।