कुल पृष्ठ दर्शन :

विश्व पुस्तक मेला:प्रसिद्ध लेखकों की पुस्तकों का हुआ विमोचन

दिल्ली।

‘विश्व पुस्तक मेला’ में इस बार सेना की शौर्य और प्रज्ञा को नमन किया गया। करीब ३५ देशों सहित ३ हजार स्टॉल और १००० प्रकाशक के साथ लाखों पाठकों ने नई प्रकाशित पुस्तकों को देखा, पढ़ा और समझा। इस दौरान कईं पुस्तकों का विमोचन हुआ।
मेले में नीतू सिंह के कविता संग्रह सहित अनेक नामी लेखकों की पुस्तकें विमोचित की गई। मेले में इंडिया नेटबुक्स प्राइवेट लि. के स्टॉल पर लेखक नीतू सिंह राय की पुस्तक ‘इतिहास और भविष्य के मध्य खड़ा वर्तमान’ का विमोचन हुआ। पुस्तक में ५१ कविताएं हैं, जो प्रेम, राजनीति और समाज पर हैं।
ऐसे ही साहित्यकार चित्रा मुद्गल ने राजीव मुद्गल की पुस्तक का किया विमोचन किया तो लेखिका डॉ. सविता चड्डा की पुस्तक ‘अपनी राम कहानी, लेखिका आशमा कौल की ‘औरत माटी और प्रेम की कविताएं’ संग्रह का भी विमोचन हुआ। इस दौरान कवि नवनीत पाण्डेय की ‘पापा मैंने लिखी कविता’ पुस्तक (बाल कविता) का भी विमोचन हुआ।
दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम के विराट भवन में इस ५३वें मेले में एटा के वरिष्ठ पत्रकार राजू उपाध्याय की काव्य कृति ‘मन के वृंदावन में’ (जिज्ञासा प्रकाशन) का विमोचन शीर्षस्थ पत्रकार एवं टीवी पैनलिस्ट अवधेश कुमार तथा अभिनेता राकेश राजपूत द्वारा किया गया। इसमें कुल १७७ रचनाएँ हैं, जो प्रथमदृष्टया प्रेम आध्यात्मिक रूप को प्रदर्शित करती है।

इस मौके पर डॉ. मुक्ता, डॉ. बृजेंद्र त्रिपाठी, डॉ. अंजू क्वात्रा, शकुंतला मित्तल और सुरक्षा खुराना आदि मौजूद रहे।