दिल्ली
***********************************
‘विश्व पृथ्वी (२२ अप्रैल) दिवस’ विशेष….
प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, जलवायु परिवर्तन से निपटने और जैव विविधता संकट को रोकने के लिए कार्रवाई का एक क्रांतिकारी आह्वान है ‘विश्व पृथ्वी दिवस’ जो पूरे विश्व में २२ अप्रैल को मनाया जाता है। सृष्टि के संरक्षण और स्थिरता के लिए जागरूकता पैदा करना इसलिए आवश्यक हो गया कि जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और वनों की कटाई के कारण प्रकृति एवं पर्यावरण पर गहरा संकट है, जो स्पष्ट करता है कि जलवायु परिवर्तन और हमारे पर्यावरण के दुरुपयोग से निपटने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा की तत्काल आवश्यकता है। हमारे स्वास्थ्य, परिवारों, आजीविका और हमारी धरती को एकसाथ संरक्षित करने का समय आ गया है। पृथ्वी दिवस आधुनिक पर्यावरण आंदोलन की वर्षगांठ का प्रतीक है, जो पहली बार सन् १९७० में मनाया गया था। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण के प्रति संवेदनशील एवं पृथ्वी के संरक्षण के लिए जागरूक करना है। आज दुनिया में पृथ्वी के विनाश, प्रकृति प्रदूषण एवं जैविक संकट को लेकर काफी चर्चा हो रही है। १९० से अधिक देशों को पृथ्वी दिवस में शामिल करते हुए यह एक वैश्विक आंदोलन बन गया है। इसका उद्देश्य लोगों को पर्यावरण की दृष्टि से अधिक सही निर्णय लेने तथा पृथ्वी के अनुकूल नीतियों के पक्ष में खड़ा करना है। यह इस बात पर जोर देता है कि आपकी उम्र चाहे जो भी हो या कहीं भी रहते हों, पृथ्वी को अधिक स्वस्थ और टिकाऊ बनाने में योगदान दे सकते हैं।
आज विश्वभर में हर जगह प्रकृति का दोहन एवं शोषण जारी है, जिसके कारण पृथ्वी पर अक्सर उत्तरी ध्रुव की बर्फ का कई किलोमीटर तक पिघलना, सूर्य की पराबैंगनी किरणों को पृथ्वी तक आने से रोकने वाली ओजोन परत में छेद होना, भयंकर तूफान, सुनामी और भी कई प्राकृतिक आपदाओं का होना आदि ज्वलंत समस्याएं विकराल होती जा रही है, जिसके लिए मनुष्य ही जिम्मेदार है। वैश्विक ताप के रूप में जो आज हमारे सामने हैं। ये आपदाएँ पृथ्वी पर ऐसे ही होती रहीं तो वह दिन दूर नहीं, जब पृथ्वी से जीव-जन्तु व वनस्पति का अस्तित्व ही समाप्त हो जाएगा। जीव-जन्तु अंधे हो जाएंगे। लोगों की त्वचा झुलसने लगेगी, कैंसर रोगियों की संख्या बढ़ जाएगी एवं अनेक नयी-नयी व्याधियाँ रह-रहकर जीवन संकट का कारण बनती रहेगी। इसी लिए दिवस की आज ज्यादा प्रासंगिकता एवं उपयोगिता है। यह दीर्घकालिक परिवर्तन को संभव बनाने की दिशा में काम करेगा, क्योंकि यह जागरूकता की संस्कृति को विकसित करता है।
जिस पृथ्वी को हम माँ का दर्जा देते हैं, उसे हम खुद अपने ही हाथों दूषित करने में कैसे लगे रहते हैं ? आज जलवायु परिवर्तन पृथ्वी के लिए सबसे बड़ा संकट बन गया है। अगर पृथ्वी के अस्तित्व पर ही प्रश्नचिन्ह लग जाए तो मानव जीवन कैसे सुरक्षित एवं संरक्षित रहेगा ? पृथ्वी है तो सारे तत्व हैं, इसलिए पृथ्वी अनमोल तत्व है। इसी पर आकाश, जल, अग्नि और हवा है। इन सबके मेल से प्रकृति की संरचना सुन्दर एवं जीवनमय होती है। अपने स्वार्थ के लिए पृथ्वी पर अत्याचार रोकना और कार्बन उत्सर्जन में कटौती पर ध्यान केंद्रित करना होगा। अतिश्योक्तिपूर्ण से औद्योगिक क्रांति पर नियंत्रण करना होगा, क्योंकि उन्हीं के कारण कार्बन उत्सर्जन और दूसरी तरह के प्रदूषण में बढ़ोतरी हुई है। वर्तमान परिप्रेक्ष्य में कई प्रजाति के जीव-जंतु, प्राकृतिक स्रोत एवं वनस्पति विलुप्त हो रहे हैं, जिससे पृथ्वी असंतुलित हो रही है। विलुप्त होते जीव-जंतु और वनस्पति की रक्षा के लिए विश्व-समुदाय को जागरूक करने के लिए ही इसे मनाया जाता है।
आज चिन्तन का विषय न तो रूस-यूक्रेन युद्ध है, न अमेरिका का टैरिफ हमला, न मानव अधिकार, न कोई विश्व की राजनीतिक घटना और न ही किसी देश की रक्षा का मामला है। चिन्तन एवं चिन्ता का एक ही मामला है लगातार विकराल एवं भीषण आकार ले रही गर्मी, सिकुड़ रहे जलस्रोत, विनाश की ओर धकेली जा रही पृथ्वी एवं प्रकृति के विनाश का प्रयास। बढ़ती जनसंख्या, बढ़ता प्रदूषण, नष्ट होता पर्यावरण, दूषित गैसों से छिद्रित होती ओजोन की ढाल, प्रकृति एवं पर्यावरण का अत्यधिक दोहन-ये सब पृथ्वी एवं पृथ्वीवासियों के लिए सबसे बडे़ खतरे हैं और इनका अहसास करना ही दिवस का ध्येय है। प्रतिवर्ष धरती का तापमान बढ़ रहा है, आबादी बढ़ रही है, जमीन छोटी पड़ रही है, हर चीज की उपलब्धता कम हो रही है और आक्सीजन की कमी हो रही है। साथ ही हमारा सुविधावादी नजरिया एवं जीवन-शैली पृथ्वी और उसके पर्यावरण एवं प्रकृति के लिए गंभीर खतरा बन रहा है।
जल, जंगल और जमीन इन ३ तत्वों से पृथ्वी और प्रकृति का निर्माण होता है। यदि यह तत्व न हों तो पृथ्वी और प्रकृति अधूरी है। विश्व में ज्यादातर समृद्ध देश वही माने जाते हैं, जहाँ इन तत्वों का बाहुल्य है। आधुनिकीकरण के इस दौर में जब इन संसाधनों का अंधाधुन्ध दोहन हो रहा है, तो ये तत्व भी खतरे में पड़ गए हैं। अनेक शहर पानी की कमी से परेशान हैं। कत्लखानों में कटती गायों की निरीह आहें जिसे बेचैन कर देती थी। जो वन्य पशु-पक्षियों को खदेड़कर अपनी बस्तियों बनाने का बौना स्वार्थ नहीं पालता था, अब वही मनुष्य अपने स्वार्थ एवं सुविधावाद के लिए सही तरीके से प्रकृति का संरक्षण न कर पा रहा है और उसके कारण बार-बार प्राकृतिक आपदाएं कहर बरपा रही है। रेगिस्तान में बाढ़ की बात अजीब है, लेकिन हमने राजस्थान में अनेक शहरों में बाढ़ की विकराल स्थिति को देखा है। वह दिन दूर नहीं होगा, जब हमें शुद्ध पानी, शुद्ध हवा, उपजाऊ भूमि, शुद्ध वातावरण एवं शुद्ध वनस्पतियाँ नहीं मिल सकेंगी। इन सबके बिना हमारा जीवन जीना मुश्किल हो जाएगा।
आज पॉलीथीन भी पृथ्वी के लिए सबसे बड़ा सिरदर्द बन गई है। इसके नष्ट न होने के कारण भूमि की उर्वरक क्षमता खत्म हो रही है। इनको जलाने से निकलने वाला धुआँ ओजोन परत को भी नुकसान पहुँचाता है, जो वैश्विक ताप का बड़ा कारण है। हमें वर्षा के जल को पुनः उपयोग में लाने वाली प्रणाली को विकसित करना होगा। हमें बिजली की बर्बादी को भी रोकना होगा, अन्यथा वह दिन दूर नहीं है जब हम अंधेरे में ही अपना जीवन-यापन करने को मजबूर हो जायेेंगे। हमें कागज के उपयोग को सीमित करना होगा, क्योंकि कागज पेड़ों की लकड़ी से बनता है जिसके लिए बड़ी संख्या में पेड़ काटने पड़ते हैं। आजकल भूमि भी जहरीली होती जा रही है, जिससे उसमें उगने वाली वनस्पतियों में विषाक्तता बढ़ती जा रही है।
आवश्यकता है कि प्रकृति से सहज रिश्ता कायम हो, जीवन-शैली में बदलाव आए, हर क्षेत्र में संयम की सीमा बने। हमारे दिमागों में भी जो स्वार्थ एवं सुविधावाद का जो शैतान बैठा हुआ है, उस पर अंकुश लगे। अन्यथा निकट भविष्य में मानव सभ्यता का अंत दिखाई दे रहा है।