कुल पृष्ठ दर्शन : 15

You are currently viewing मस्त हो चले शिव-शम्भो

मस्त हो चले शिव-शम्भो

संजीव एस. आहिरे
नाशिक (महाराष्ट्र)
***************************************

रूतवा बसंती में भोले शिव-शम्भो,
बनकर मदन घूमे कानन…
पहाड़-पहाड़ की लता वनिताएँ, सज्जित हो नाची छनन-छनन।

कली-कलियों के गुब्बारे फूटे, सौरभ उमड़ी घूमी-झूमी चित-पावन…
बयार चल पड़ी घनी सुगन्धित, गली-चौबारे और कानन-कानन।

स्वागत-अभिनन्दन में शिव-शम्भो, के तरु-तरुओं के गजरे हैं…
सुगन्धित वनिता तरू अपने,
तन पर बौरा-बौराकर बहरे हैं।

छा रहे शम्भूनाथ समां में,
तरु-तरुओं ने बांधे जो सहरे हैं…
बसंत मदन जो रूप शम्भो का, संजोते भाव जो अति गहरे हैं।

शिखर-शिखर है हुआ सुगन्धित, तलहटी पर सजी वल्लरी…
आभूषण जड़कर फूल-फूल का, सज्जित पुलकित वनचरी।

हर हर शम्भो रमते जोगी,
रमते जा रहे हैं बिखर जटाक्षरी…
चरम पर कानन सज्जित कुमुदित, सब दूर विभासे हरी-हरी।

पवन सरिताएँ गा रहीं हैं शिव, शम्भो की धुनभरे पावन छंद…
पवन बह रही फूल-फूल से,
सिर पर लेकर चली तरु मकरंद।

धीरे-धीरे कानन-कानन से,
उमड़ने लगे हैं पुलकित कंद…।
मस्त हो चले शिव शम्भो राजा, गढ़ने लगे अब नए अनुबंध॥

परिचय-संजीव शंकरराव आहिरे का जन्म १५ फरवरी (१९६७) को मांजरे तहसील (मालेगांव, जिला-नाशिक) में हुआ है। महाराष्ट्र राज्य के नाशिक के गोपाल नगर में आपका वर्तमान और स्थाई बसेरा है। हिंदी, मराठी, अंग्रेजी व अहिराणी भाषा जानते हुए एम.एस-सी. (रसायनशास्त्र) एवं एम.बी.ए. (मानव संसाधन) तक शिक्षित हैं। कार्यक्षेत्र में जनसंपर्क अधिकारी (नाशिक) होकर सामाजिक गतिविधि में सिद्धी विनायक मानव कल्याण मिशन में मार्गदर्शक, संस्कार भारती में सदस्य, कुटुंब प्रबोधन गतिविधि में सक्रिय भूमिका निभाने के साथ विविध विषयों पर सामाजिक व्याख्यान भी देते हैं। इनकी लेखन विधा-हिंदी और मराठी में कविता, गीत व लेख है। विभिन्न रचनाओं का समाचार पत्रों में प्रकाशन होने के साथ ही ‘वनिताओं की फरियादें’ (हिंदी पर्यावरण काव्य संग्रह), ‘सांजवात’ (मराठी काव्य संग्रह),
‘पंचवटी के राम’ (गद्य और पद्य पुस्तक), ‘हृदयांजली ही गोदेसाठी’ (काव्य संग्रह) तथा ‘पल्लवित हुए अरमान’ (काव्य संग्रह) भी आपके नाम हैं। संजीव आहिरे को प्राप्त सम्मान-पुरस्कार में अभा निबंध स्पर्धा में प्रथम और द्वितीय पुरस्कार, ‘सांजवात’ हेतु राज्य स्तरीय पुरुषोत्तम पुरस्कार, राष्ट्रीय मेदिनी पुरस्कार (पर्यावरण मंत्रालय, भारत सरकार), राष्ट्रीय छत्रपति संभाजी साहित्य गौरव पुरस्कार (मराठी साहित्य परिषद), राष्ट्रीय शब्द सम्मान पुरस्कार (केंद्रीय सचिवालय हिंदी साहित्य परिषद), केमिकल रत्न पुरस्कार (औद्योगिक क्षेत्र) व श्रेष्ठ रचनाकार पुरस्कार (राजश्री साहित्य अकादमी) मिले हैं। आपकी विशेष उपलब्धि राष्ट्रीय मेदिनी पुरस्कार, केंद्र सरकार द्वारा विशेष सम्मान, ‘रामदर्शन’ (हिंदी महाकाव्य प्रस्तुति) के लिए महाराष्ट्र सरकार (पर्यटन मंत्रालय) द्वारा विशेष सम्मान तथा रेडियो (तरंग सांगली) पर ‘रामदर्शन’ प्रसारित होना है। प्रकृति के प्रति समाज एवं नयी पीढ़ी का आत्मीय भाव जगाना, पर्यावरण के प्रति जागरूकता पैदा करना, हिंदी को राष्ट्रभाषा बनाने हेतु लेखन-व्याख्यानों से जागृति लाना, भारतीय नदियों से जनमानस का भाव पुनर्स्थापित करना, राष्ट्रीयता की मुख्य धारा बनाना और ‘रामदर्शन’ से परिवार एवं समाज को रिश्तों के प्रति जागरूक बनाना इनकी लेखनी का उद्देश्य है। पसंदीदा हिंदी लेखक प्रेमचंद जी, धर्मवीर भारती हैं तो प्रेरणापुंज स्वप्रेरणा है। श्री आहिरे का जीवन लक्ष्य हिंदी साहित्यकार के रूप में स्थापित होना, ‘रामदर्शन’ का जीवनपर्यंत लेखन तथा शिवाजी महाराज पर हिंदी महाकाव्य का निर्माण करना है।