कुल पृष्ठ दर्शन : 10

You are currently viewing जन्में अवध में रघुराई

जन्में अवध में रघुराई

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

जन्में रघुराई अवध, मुदित अयोध्या धाम।
रघुनंदन पुनरागमन, सजा अवध अभिराम॥

दशरथनन्दन अवध फिर, सूर्यवंश आलोक।
रामतत्त्व रस पान कर, मिटे विपद सब शोक॥

पर्व रामनवमी दिवस, पूजन जगदाधार।
पतित पावन राम भज, हो भवसागर पार॥

बाल रूप अनुपम छटा, कौशलेन्द्र रघुवीर।
मेधावी संयत विनत, धीर वीर गम्भीर॥

हियतल रामपूजन करें, भक्ति प्रेम जन हर्ष।
रामराज्य पुनरागमन, हो भारत उत्कर्ष॥

सकल सृष्टिकर्ता प्रभो, रघुपति राजा राम।
लखनलाल हनुमत चरण, भजो जानकी श्याम॥

राज दुलारा श्यामला, कौशल्या वात्सल्य।
जनक किशोरी साजना, दशरथ हिय चापल्य॥

बाल राम आए अवध, बोलो जय श्रीराम।
रामचन्द्र भज लो मनुज, सुधरे बिगड़े काम॥

बालरूप प्रभु चारुतम, मुख सरोज मुस्कान।
अवधराज राघव ललित, दिव्य रूप भगवान॥

आलोकित चहुँ दीप से,जगमग सरयू घाट।
विजय दीप श्रीराम का, दिखे अयोध्या ठाट॥

सुन्दर संजीवन अवध, लगी साधु की भीड़।
रघुनंदन मधुरागमन, बाधाओं को चीड़॥

बजरंगी गाओ भजन, गाओ जय श्रीराम।
दशरथनन्दन भज चरण, पाओ राम सुधाम॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥