कुल पृष्ठ दर्शन : 3

You are currently viewing पुन: सजाएँ सुंदर कुदरत

पुन: सजाएँ सुंदर कुदरत

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

आओ सब मिल सजग जागरण चलो साथ हम पेड़ लगाएँ,
पुनः सजाएँ सुन्दर कुदरत जो संजीवन आधार बनाएँ
हो कुदरत का अद्भुत सर्जन, हो भू जलाग्नि नभ वात विमल,
बने विश्व स्वच्छ पर्यावरण, जल थल नभ परिवेश विमल हो।

है अमोल जीवन जल पावन, संरक्षण अनिवार्य समझिए
क्षिति जल पावक गगन हवा मिल, सृजनलोक परिहार्य समझिए
लोभ घृणा मद झूठ कपट छल, कठिन समझिए दुर्लभ जीवन,
चलो बचाएँ स्रोत सलिल, पेड़ लगा पर्यावरण बचाएँ।

हरित भरित भू शस्य श्यामला, शील त्याग गुण सुपथ समझिए
तरु है तो कल जीवन सुखमय, गिरि पयोद नद बन्धु समझिए
पशुओं के बहु झुंड तृषाकुल, रवि धूप समझिए महाज्वाल,
तरसे नदियाँ धरा शुष्क पर्यावरण प्रतिकूल समझिए।

वात नदी पर्वत कानन तरु, परहित पौरुष खुशी समझिए,
पेड़ लगा जीवन रक्षा कर, गिरि सरिता आबाद समझिए
झील गिरि निर्झर नदियाँ जल, आधार समझिए वृक्षारोपण,
तरु कानन बिन कहाँ जलज नभ, घातक कर्तन खनन समझिए।

अब भी चेतो सावधान जन, आहत धरती घटा समझिए
मिटा दाग हिंसक दानवता, वृक्षारोपण भला समझिए।
पर्यावरण संरक्षण हितकर, वायु सलिल कल समझिए सुनहर,
मृगतृष्णा भौतिक स्वार्थ तज पर्यावरण बिन मौत समझिए॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥