पद्मा अग्रवाल
बैंगलोर (कर्नाटक)
******************************
हर घर उजियारा हो (दीपावली विशेष)…
‘आरुषी, इस साल हम सब दीपावली पर अखावा गाँव जाएँगें।‘
‘नहीं पापा, मैं आपके साथ नहीं जा सकती। गाँव में न तो लाइट ढंग से आती है और न ही वहाँ किसी तरह की सुविधा होती है।’
‘ठीक है, फिर मैं केवल अपना टिकट करवा लेता हूँ, क्योंकि मेरे चचेरे भाई ओंकार ने मुझे फोन करके बुलाया है। इसलिए मैं तो जरूर जाऊँगा।‘
‘नमिता, तुम चलना चाहोगी तो बता दो।‘
‘नहीं, विनय मुझे भी वहाँ बोरियत होती है। इसलिए, मैं अपनी फ्रेंड्स के साथ दीवाली मनाऊँगीं।‘
विनय ने टिकट के लिए कई ट्रेन में कोशिश की, लेकिन किसी में टिकट जब नहीं मिल पाया तो उन्होंने ड्राइव करके जाने का निश्चय कर लिया। जब विनय ने गाड़ी से जाने की बात बताई तो आरुषि का मन मचल उठा, ’पापा प्लीज, रुकिए मैं भी चलती हूँ।‘
अब नमिता ने भी अपने कपड़े बैग में डाले और फिर तीनों राजस्थान के गाँव की ओर चल दिए। गाँव की खुली हवा और मिट्टी की सोंधी खुशबू से आरुषि का मन खुश हो गया। चाचा, चाची और वहाँ भाई धनुष एवं भूमि का अपनत्व भरा व्यवहार देख नमिता को बहुत अच्छा लग रहा था। आरुषि को वहाँ का चटपटा खाना खाकर बहुत मजा आ रहा था। वहाँ की दाल-बाटी, चूरमा का स्वाद तो उससे भूलता ही नहीं…।
शहर में जहाँ त्यौहार बाजारों की रौनक से पहचाने जाते हैं, वहीं गाँव में त्यौहार लोगों के आपसी प्रेम और अपनत्व से पहचाने जाते हैं। वहाँ हर घर में दीवाली की तैयारियाँ जोरों पर थीं। भूमि अपनी माँ के साथ पूजा की थाली सजा रही थी और धनुष घर के बाहर दीपक रखने की जगह को साफ कर रहा था। तभी आरुषि ने देखा, कि ओंकार चाचा ने एक बड़ी-सी थाली में मिठाइयाँ और पकवान सजवाए, उसी थाली में कुछ दीपक भी रखे हुए थे।
आरुषि ने उत्सुकता से पूछा, ‘चाचा जी ये मिठाई और दीपक लेकर आप कहाँ जा रहे हैं ?’
चाचा मुस्कुरा कर बोले, ‘बेटा, पहले मैं उन घरों में जाऊँगा, जहाँ इस साल दीवाली नहीं मनाई जाएगी।’
‘क्यों ? क्या इन लोगों को दीवाली पसंद नहीं है ?’ आरुषि ने हैरानी से पूछा।
‘बेटा, कुछ समय पहले उनके घरों में किसी अपने का देहांत हो गया है, इसलिए वह परिवार अभी शोक में है। बेटा, दु:ख किसी एक के घर में आया है, लेकिन उस दु:ख को समझना पूरे गाँव की जिम्मेदारी है। हम सभी यह सोचते हैं, कि वह परिवार यह न महसूस करे कि वह अकेले हैं’ कह कर ओंकार चाचा बच्चों को साथ में लेकर गाँव की गलियों में निकल पड़े। आरुषी और धनुष भी साथ में चल पड़े।
चाचा एक ऐसे घर के सामने पहुँचे, जिसके घर के सामने ना ही मांडना था, ना ही दीपकों की कतार और ना ही त्यौहार जैसी रौनक। परिवार के लोगों के चेहरे पर अपने को खोने की उदासी साफ झलक रही थी। चाचा ने उनके घर के बुजुर्गों का हाल-चाल पूछा। धनुष और भूमि ने मिठाई वाली थाली उन्हें दे दी।
चाचा बोले, ‘आओ बच्चों, पहले यहाँ दीपक जलाएँ।’
आरुषि चौंक कर बोली, ’चाचा अपने घर में दीपक जलाने से पहले यहाँ क्यों जला रहे हैं ?’
चाचा ने १ दीपक जलाते हुए कहा कि यही तो हमारी परंपरा है कि हम अपने घरों में दीपक जलाने से पहले उन घरों में दीपक जलाते हैं, जहाँ इस साल किसी अपने के जाने से अँधेरा छा गया है।’
कुछ देर तक चाचा और हम सब बच्चे वहाँ पर बैठे रहे तथा उन्हें य़ह एहसास दिलाया कि वह अकेले नहीं हैं। आरुषि ने देखा, कि अभी तक जिस बुजुर्ग की आँखें नम थीं, अब उसमें हल्की-सी मुस्कान थी। भूमि ने बताया कि हम लोग हर वर्ष ऐसा करते हैं।
आरुषि सोचने लगी, कि शहर में दीवाली के दिन फोन पर ‘हैप्पी दीवाली’ का मैसेज भेज देते हैं। कुछ लोगों को उपहार देते हैं और अपने घरों को बिजली की लड़ियों से रोशन करके खुश हो जाते हैं, लेकिन हम कब किसी ऐसे करीबी के घर में गए हैं, जिसके घर में दु:ख का अँधेरा छाया हो, हम कब उनके पास जाकर बैठते हैं ?
उस रात में पूरे गाँव में दीपक का उजियारा हो रहा था, लेकिन आरुषी के मन को बार-बार वही छोटा-सा दीपक दिख रहा था, जो उसने अपने घर की रोशनी से पहले किसी दूसरे के आँगन में जलते देखा था ।
उसने चाचा से कहा, ‘हम शहरवासी केवल अपने घरों को रोशन करते हैं।’
‘बेटा, अपने घर को रोशन करके तो हम सभी त्यौहार मनाते हैं, पर किसी दूसरे के घर में दीपक जलाना इंसानियत है। अपने घर में सबके संग खुशियाँ मनाना अच्छी बात है, लेकिन किसी दुखी परिवार को एहसास दिलाना कि तुम अकेले नहीं हो, वरन् पूरा गाँव तुम्हारे साथ खड़ा है।’
आज पहली बार आरुषी को महसूस हो रहा था कि त्यौहार की असली खूबसूरती सजावट, मिठाइयों, उपहार और रोशनी से नहीं होती, वरन् खूबसूरती उस संवेदना में होती है, जो हमें दूसरे के दु:ख का एहसास कराती है।
अब जब आरुषी मुंबई लौटने लगी तो अपने साथ इस अनूठी परंपरा को एक सीख की तरह लेकर जा रही थी। वह मन में सोच रही थी कि दीवाली तब नहीं होती, जब हम अपना घर रोशन करते हैं वरन् दीवाली तब पूरी होती है, जब हमारा पहला दीपक किसी ऐसे के आँगन में उजाला कर देता है;जहाँ दुख के कारण रोशनी कम पड़ गई हो।
राजस्थान की मिट्टी का यही संस्कार है कि असली दीवाली घर को रोशन करने से नहीं, वरन् इंसानियत को जीवित रखने में है।