कुल पृष्ठ दर्शन : 268

You are currently viewing स्वागत हो चैत्र नवरात्र का

स्वागत हो चैत्र नवरात्र का

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*****************************************

चैत्र शुक्ल है प्रतिपदा,सनातनी नववर्ष।
पूजन कर नवरात्र में,कीर्ति मिले सुख हर्ष॥

अभिनन्दन स्वागत करें,मिलें हिन्दू समाज।
परिधावी संवत्सरी,विक्रमी संवत आज॥

नीति प्रीति सुख संपदा,परहित शान्ति सम्मान।
नवदुर्गे नववर्ष में,दे सम्बल वरदान॥

सबसे सबकी बन्धुता,हो संस्कृति अभिमान।
शैलपुत्री तू कृपा कर,न हो राष्ट्र अपमान॥

ब्रह्मचारिणी तू शिवा,त्याग शील सत्काम।
आज कुपथ तव सन्तति,करे वतन बदनाम॥

मचा रखा आतंक है,महिषासुर बहु देश।
चन्द्रघण्टे कर दलन,दो शान्ति संदेश॥

कुष्माण्डा जगदम्बिके,हरो शोक अभिमान।
अज्ञान तम फैला धरा,दो प्रकाश मति ज्ञान॥

तारक का संहार कर,स्कन्धमातु जग त्राण।
चहुँदिक प्रसरित फिर असुर,नाश करो कल्याण॥

किया एक हुंकार से,धुम्रलोचन संहार।
हरो धूम कात्यायिनी,पापों से उद्धार॥

चामुण्डे वरदायिनी,कालरात्रि विकराल।
रक्तबीज लहू पान कर,है भारत बेहाल॥

शुम्भ निशुम्भ संहारिणि,महागौरी अवतार।
रिद्धि-सिद्धि बल बुद्धि दे,सिद्धिदातृ आधार॥

कवि ‘निकुंज’ कर प्रार्थना,हर आतंकी पाप।
अन्तर्बहि सम शान्ति दे,मिटे राष्ट्र अनुताप॥

बधाईयाँ सब मित्र को,हो जीवन नवनीत।
सौख्य समधुर जिंदगी,मंगलमय नवगीत॥

परिचयडॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥

Leave a Reply