दिल्ली।
चेतना इंडिया और हेमलता देवी साहित्य सम्मान के संयुक्त तत्वावधान में पालम के ‘माई छोटा स्कूल’ के खेल मैदान में साहित्य व्यंग्य श्री और साहित्य तंज श्री सम्मान का आयोजन किया गया। इस बार साहित्य व्यंग्य श्री सम्मान श्रीमती अर्चना चतुर्वेदी को और साहित्य तंज श्री सम्मान डॉ. सौरभ जैन को दिया गया।
समारोह की अध्यक्षता वरिष्ठ आलोचक और समीक्षक डॉ. रमेश तिवारी ने की। मंच पर चर्चित व्यंग्यकार सुमित प्रताप सिंह और कहानीकार रेणुका अस्थाना भी मौजूद रहीं। इसी समारोह में एस.जी.एस. सिसोदिया के उपन्यास ‘अनकही डगर’ का लोकार्पण और सुनील जैन ‘राही’ के व्यंग्य संग्रह ‘सांप पालने से नींद अच्छी आती है’ का विमोचन हुआ। अर्चना चतुर्वेदी, डॉ. जैन, सुमित प्रताप सिंह व रणविजय राव ने व्यंग्य पाठ किया। संस्थापक अध्यक्ष दुर्ग विजय सिंह ‘दीप’ सहित कार्यक्रम में रेडियो, दूरदर्शन और जैन समाज के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन सिद्धार्थ सिंह ने किया। आभार श्रीमती विजय लक्ष्मी ने माना।