कुल पृष्ठ दर्शन : 14

You are currently viewing प्रगति- जिम्मेदारी सभी की

प्रगति- जिम्मेदारी सभी की

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

मानव जीवन चिर प्रगति, ग्रन्थ सनातन वेद।
ज्ञान कर्म परहित जगत, शान्ति प्रेम संवेद॥

जिम्मेदारी सभी की, जन भारत उत्थान।
प्रगतिशील आगम समय, नवयौवन संज्ञान॥

परमारथ पौरुष सबल, बने प्रगति वरदान।
नीति प्रीति सच न्याय पथ, वही
मनुज इंसान॥

लोभ मोह मद कोप छल, घृणा द्वेष हैवान।
बाधक बनते नित प्रगति, दानवीय शैतान॥

बनें ताज शुभ प्रगति पथ, रचें ख्याति अरमान।
मिले समादर जगत में, हो भविष्य प्रतिमान॥

कृषिप्रधान भारत प्रगति, साधन है तालाब।
सिंचन खेती गाँव में, फसलें लाजबाब॥

मानवता चहुँमुख प्रगति, नैतिकता उत्थान।
राष्ट्र प्रगति प्रमुदित प्रजा, प्रगति सोच इन्सान॥

प्रगति सुपथ नित बालपन, शिक्षा अनुसंधान।
नव तकनीकी नव प्रगति, हो किसान विज्ञान॥

न्याय त्याग सत् आचरण, मिल साथ भगवान।
सदाचार संस्कार से, मिले प्रगति सद्ज्ञान॥

बढ़े भक्ति सद्भाव मन, त्याग साधना प्रीत।
सभी सुखी चहुँ मुख प्रगति, समझ वेद की रीत॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥