सोनीपत (हरियाणा)।
प्रभु श्री राधा गोपीनाथ जी महाराज की कृपा से संचालित कल्पकथा साहित्य संस्था परिवार द्वारा ‘राष्ट्रीय मित्रता दिवस’ के उपलक्ष्य में २६०वीं साप्ताहिक आभासी काव्य गोष्ठी का गरिमामय आयोजन मानवीय संवेदनाओं एवं साहित्यिक सृजनधर्मिता के अनुपम वातावरण में किया गया। ‘तेरी मेरी मित्रता’ विषय पर केंद्रित इस आयोजन में देश के विभिन्न अंचलों से जुड़े साहित्यकारों ने भावपूर्ण, कलात्मक एवं चिंतनपरक काव्य प्रस्तुतियों से मित्रता के शाश्वत आदर्शों, विश्वास तथा सामाजिक समरसता के विविध आयामों को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया।
संस्था की संवाद प्रभारी ज्योति राघव सिंह ने बताया कि अध्यक्षता मणिका वर्मा ने की। मुख्य अतिथि सुजीत कुमार पाण्डेय ने आयोजन को विशिष्ट आयाम दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु वंदना, गणेश वंदना तथा सरस्वती वंदना के साथ हुआ। मंगलाचरण की पावन स्वर-लहरियों ने संपूर्ण वातावरण को साहित्यिक गरिमा से अनुप्राणित कर दिया। इसके पश्चात नरेशचन्द्र उनियाल, श्री पाण्डेय, राघव सचिन, ईश्वर चंद्र विद्यावाचस्पति, मणिका वर्मा, अवधेश प्रसाद मिश्र ‘मधुप’, भास्कर सिंह ‘माणिक’, डॉ. श्याम बिहारी मिश्र, रामपति मौर्य, अमित पण्डा, संपति चौरे, राधा श्री शर्मा तथा पवनेश मिश्र आदि ने अपनी उत्कृष्ट काव्य प्रस्तुतियों से मित्रता के विविध भावों को सजीव रूप दिया।
समापन सत्र में राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन भास्कर सिंह ‘माणिक’ ने किया। संस्थापक राधाश्री शर्मा ने सभी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।