कुल पृष्ठ दर्शन :

जनकनंदिनी की महिमा से गुंजायमान हुई काव्यगोष्ठी

सोनीपत (हरियाणा)।

प्रभु श्री राधा गोपीनाथ जी महाराज की कृपा से संचालित कल्पकथा साहित्य संस्था परिवार (सोनीपत) के सौजन्य से २४६वीं साप्ताहिक काव्य गोष्ठी का भव्य आयोजन किया गया। ‘जय माँ जानकी’ विषय पर हुए इस कार्यक्रम की अध्यक्षता उप्र की सुप्रसिद्ध साहित्यकार योगेश्वरी भारद्वाज ‘रेखा’ ने की। मुख्य अतिथि साहित्यकार दिनेश कुमार दुबे
(छत्तीसगढ़) की उपस्थिति ने आयोजन की शोभा को द्विगुणित किया।
    संस्था की संवाद प्रभारी ज्योति राघव सिंह ने बताया कि अत्यंत श्रद्धा एवं साहित्यिक गरिमा के साथ हुआ यह आयोजन भक्ति, संवेदना और सांस्कृतिक चेतना का सजीव उदाहरण बनकर उभरा, जिसमें देशभर के प्रतिष्ठित साहित्यकारों ने उत्कृष्ट काव्य प्रस्तुतियों से जनकनंदिनी माँ जानकी के दिव्य चरित्र का भावपूर्ण चित्रण किया। शुभारंभ  प्रतिभावान साहित्यकार विजय रघुनाथराव डांगे (नागपुर) ने संगीतमय गुरु वंदना के साथ किया।

   इस अवसर पर देश के विभिन्न अंचलों से जुड़े साहित्यकारों- सुरेश कुमार वर्मा ‘रातावाल’, कीर्ति त्यागी, शोभा प्रसाद, पं. अवधेश प्रसाद मिश्र ‘मधुप’, ज्योति प्यासी, डॉ. राजेश तिवारी ‘मक्खन’, नन्दकिशोर बहुखंडी, रमापति मौर्य, राधाश्री शर्मा व पवनेश मिश्र आदि ने माँ जानकी के त्याग, तप, मर्यादा और करुणा को अपने काव्य में सजीव करते हुए श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
   लगभग ५ घंटे से अधिक समय तक निरंतर संचालित इस कार्यक्रम के समापन सत्र में राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत वातावरण में राष्ट्रगीत ‘वन्दे मातरम्’ के १५०वें स्मरणोत्सव वर्ष के अवसर पर सामूहिक गायन किया गया, जिससे समूचा परिवेश राष्ट्रप्रेम से गूँज उठा।
   मंच संचालन आशुकवि भास्कर सिंह ‘माणिक’ एवं डॉ. श्याम बिहारी मिश्र द्वारा कुशलता से किया गया। संस्थापक श्रीमती राधाश्री शर्मा ने सभी के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।