कुल पृष्ठ दर्शन : 15

प्रेम की पराकाष्ठा ‘राधा-कृष्ण’

डॉ.राम कुमार झा ‘निकुंज’
बेंगलुरु (कर्नाटक)

*************************************************

राधा अन्तर्मन में दीप जलाकर श्याम सुधा बरसाती है,
मुरली की मधुरिम तानों में नित प्राण-पुष्प महकाती है
वृन्दावन की रज में डूबा हर कण प्रेम-पुजारी बनता,
कृष्ण नयन की चंचल छाया जग में नेह जगाती है।

यमुना तट पर रास रचाकर मधुबन सुगीत सुनाता है,
राधिका का अनुराग सलोना कान्हा हृदय लुभाता है
अंतस की निःशब्द व्यथा भी प्रिय प्रेम सुधा में ढल जाती,
बाँसुरी का स्वर हर धड़कन में मधु अमृत-राग सजाता है।

राधिका वियोग की अग्नि जला कर प्रेम-ज्योति फैलाती है,
घनश्याम सलोने अधरों से मुस्कानों को बरसाती है
मौन समर्पण की भाषा में आत्मा परमात्मा मिलते,
भक्ति-भाव की सुरसरिता में तिहुँ दुनियाँ पुण्य बनाती है।

मोर मुकुट की छाँव तले जब नित राधा श्याम बुलाती है,
प्रेम सुधा की वर्षा होकर चहुँ धरती स्वर्ग बनाती है
मन के निर्मल भाव जहाँ हों वहाँ स्वयं माधव आते,
गोपिनियों की प्रीति सदा ही जग को राह दिखाती है।

राधाकृष्ण का प्रेम अलौकिक जग युग-युग गान सुनाता है,
त्याग तपस्या के उपवन में चहुँ मधुरिम सुमन खिलाता है।
शरीर नहीं, दो आत्माओं का पावन संगम कहलाता,
मानवता के सूने मन में नित नव अनुराग जगाता है॥

परिचय-डॉ.राम कुमार झा का साहित्यिक उपनाम ‘निकुंज’ है। १४ जुलाई १९६६ को दरभंगा में जन्मे डॉ. झा का वर्तमान निवास बेंगलुरु (कर्नाटक)में,जबकि स्थाई पता-दिल्ली स्थित एन.सी.आर.(गाज़ियाबाद)है। हिन्दी,संस्कृत,अंग्रेजी,मैथिली,बंगला, नेपाली,असमिया,भोजपुरी एवं डोगरी आदि भाषाओं का ज्ञान रखने वाले श्री झा का संबंध शहर लोनी(गाजि़याबाद उत्तर प्रदेश)से है। शिक्षा एम.ए.(हिन्दी, संस्कृत,इतिहास),बी.एड.,एल.एल.बी., पीएच-डी. और जे.आर.एफ. है। आपका कार्यक्षेत्र-वरिष्ठ अध्यापक (मल्लेश्वरम्,बेंगलूरु) का है। सामाजिक गतिविधि के अंतर्गत आप हिंंदी भाषा के प्रसार-प्रचार में ५० से अधिक राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय साहित्यिक सामाजिक सांस्कृतिक संस्थाओं से जुड़कर सक्रिय हैं। लेखन विधा-मुक्तक,छन्दबद्ध काव्य,कथा,गीत,लेख ,ग़ज़ल और समालोचना है। प्रकाशन में डॉ.झा के खाते में काव्य संग्रह,दोहा मुक्तावली,कराहती संवेदनाएँ(शीघ्र ही)प्रस्तावित हैं,तो संस्कृत में महाभारते अंतर्राष्ट्रीय-सम्बन्धः कूटनीतिश्च(समालोचनात्मक ग्रन्थ) एवं सूक्ति-नवनीतम् भी आने वाली है। विभिन्न अखबारों में भी आपकी रचनाएँ प्रकाशित हैं। विशेष उपलब्धि-साहित्यिक संस्था का व्यवस्थापक सदस्य,मानद कवि से अलंकृत और एक संस्था का पूर्व महासचिव होना है। इनकी लेखनी का उद्देश्य-हिन्दी साहित्य का विशेषकर अहिन्दी भाषा भाषियों में लेखन माध्यम से प्रचार-प्रसार सह सेवा करना है। पसंदीदा हिन्दी लेखक-महाप्राण सूर्यकान्त त्रिपाठी ‘निराला’ है। प्रेरणा पुंज- वैयाकरण झा(सह कवि स्व.पं. शिवशंकर झा)और डॉ.भगवतीचरण मिश्र है। आपकी विशेषज्ञता दोहा लेखन,मुक्तक काव्य और समालोचन सह रंगकर्मी की है। देश और हिन्दी भाषा के प्रति आपके विचार(दोहा)-
स्वभाषा सम्मान बढ़े,देश-भक्ति अभिमान।
जिसने दी है जिंदगी,बढ़ा शान दूँ जान॥ 
ऋण चुका मैं धन्य बनूँ,जो दी भाषा ज्ञान।
हिन्दी मेरी रूह है,जो भारत पहचान॥