सलूम्बर (राजस्थान)।
सलिला बाल साहित्य अलंकरण-२०२६ घोषित….
बाल साहित्य के सृजन के साथ उसके शोध, समीक्षा, आलोचनात्मक मूल्यांकन और वैचारिक विमर्श को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से सलिला संस्था (सलूम्बर) ने वर्ष २०२६ के लिए अखिल भारतीय स्तर पर दिए जाने वाले विभिन्न सलिला बाल साहित्य अलंकरणों की घोषणा की है। इसके अंतर्गत इस वर्ष का सर्वोच्च सलिला बाल साहित्य शिरोमणि सम्मान मप्र साहित्य अकादमी (भोपाल) के निदेशक डॉ. विकास दवे को उनकी दीर्घकालीन साहित्यिक सेवाओं एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया जाएगा।
संस्था की अध्यक्ष डॉ. विमला भंडारी के अनुसार शोध-समीक्षा के क्षेत्र में विशिष्ट अकादमिक अवदान के लिए प्रो. सुरेंद्र विक्रम (लखनऊ) तथा दिनेश कुमार माली (ओडिशा) को सलिला शिखर सम्मान से अलंकृत किया जाएगा। ऐसे ही संपादन एवं प्रकाशन से साहित्यिक जगत में महत्वपूर्ण योगदान देने वाली स्पंदन संस्था की संस्थापक एवं अध्यक्ष नीलिमा टिक्कू (जयपुर) को ‘संपादक श्री’ सम्मान दिया जाएगा।
आपने बताया कि सलिला ने इस वर्ष सलिला बाल साहित्य चिंतक श्री सम्मान प्रारंभ किया है। १२ व १३ दिसंबर को उदयपुर में राष्ट्रीय महिला बाल साहित्यकार सम्मेलन का केंद्रीय विषय ‘बाल साहित्य पर शोध और समीक्षा के सोपान’ इसी वैचारिक पहल की पृष्ठभूमि में निर्धारित है। बाल साहित्य के चिंतन और समीक्षा परंपरा को समृद्ध करने वाले विशेषज्ञों को इस अलंकरण के लिए चयनित किया गया है। इनमें रजनीकांत शुक्ल, डॉ. सतीश कुमार, सुमन बाजपेयी, डॉ. रश्मि वार्ष्णेय और डॉ. पूनम अग्रवाल आदि हैं। सम्मेलन में पुस्तक लोकार्पण, समीक्षा, शोध-पत्रों के वाचन तथा विषय विशेषज्ञों के अकादमिक व्याख्यानों पर केंद्रित विभिन्न सत्र होंगे। संस्था की पुस्तक ‘समकालीन बाल साहित्य चिंतन’, दिनेश कुमार माली द्वारा लिखित ‘विमला भंडारी की रचनाधर्मिता एवं ‘साहित्य समर्था’ पत्रिका का डॉ. भंडारी केंद्रित विशेषांक भी इस अवसर पर विमोचित होगा।